![]()
भास्कर न्यूज | गढ़वा एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड के एमिटी लॉ स्कूल में आयोजित प्रथम अंतर-महाविद्यालयीन क्लाइंट काउंसलिंग प्रतियोगिता ‘न्याय संवाद’ में गढ़वा के छात्र मनीष तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। बीबीए एलएलबी (ऑनर्स) के तृतीय सेमेस्टर के छात्र मनीष ने अपनी कानूनी समझ, प्रभावशाली संवाद शैली और तार्किक क्षमता के दम पर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। 28 व 29 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन एमिटी लॉ स्कूल की लीगल एड सेल की ओर से किया गया था। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी विधिक जानकारी, संवाद कौशल और क्लाइंट काउंसलिंग की दक्षता का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मनीष तिवारी ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। मनीष रंजन मूल रूप से गढ़वा जिले के बेलहारा निवासी प्रवीण कुमार तिवारी के बड़े पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि के लिए झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता अंशुमान सान्याल एवं अधिवक्ता आयुष राज ने उन्हें सम्मानित किया। मनीष की सफलता से विश्वविद्यालय के साथ-साथ विधि संकाय में भी खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और विधिक विषयों पर मजबूत पकड़ का परिणाम माना जा रहा है। क्लाइंट काउंसलिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करना मनीष के लिए विधिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी सफलता से परिवार, क्षेत्र और शुभचिंतकों में हर्ष है। यह उपलब्धि कानून की पढ़ाई कर रहे अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Source link