भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत आज एक दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रहे हैं। उनका देवघर और रांची, दोनों जगह कार्यक्रम निर्धारित है। देवघर में वे राज्य स्तरीय विधिक सेवा सह-सशक्तीकरण शिविर का उद्घाटन करेंगे, जबकि रांची में झारखंड हाईकोर्
.
देवघर में सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस चंद्रशेखर और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह समेत झारखंड हाईकोर्ट के कई न्यायाधीश शामिल होंगे। झालसा, रांची और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में नालसा के लीगल सर्विसेज कैंप मॉड्यूल के तहत इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

देवघर कार्यक्रम स्थल में जिला प्रशासन की टीम ने व्यवस्था का जायजा लिया।
इसमें विधिक सहायता और जनकल्याण से जुड़ी कई गतिविधियां होंगी। सीजेआई की मौजूदगी में पलामू और रांची में लीगल एड क्लिनिक का ऑनलाइन उद्घाटन किया जाएगा। पीड़ितों के बीच चेक बांटे जाएंगे। प्रोजेक्ट शिशु के लाभार्थियों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लोगों को भी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
वीआईपी रूट पर बड़े वाहनों की नो एंट्री
सीजेआई के आगमन को देखते हुए देवघर शहर की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है। वीआईपी काफिले की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए शहर के 10 स्थानों पर रूट डायवर्ट किया गया है। यातायात सह सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद के अनुसार वीआईपी रूटलाइन में भारी और बड़े व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
छोटी गाड़ियों का परिचालन सामान्य रहेगा, लेकिन वीआईपी काफिले के गुजरने से कुछ देर पहले उन्हें भी रोक दिया जाएगा। काफिले के निकलते ही यातायात फिर सामान्य कर दिया जाएगा। भागलपुर और हंसडीहा से आने वाली बसें व व्यावसायिक वाहन चौपा मोड़ से हिंडोलावरण, तीरनगर और सारवां होकर जाएंगे।

हिंडोलावरण की ओर से तपोवन होकर आने वाले भारी वाहनों को उजाला चौक पर रोका जाएगा। सुल्तानगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन कोठिया मोड़ से शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। उन्हें कनभटिया मोड़, रिखिया और मोहनपुर की ओर भेजा जाएगा। रांची और गिरिडीह से आने वाले भारी वाहनों को प्रहलाद चौक से प्रवेश नहीं मिलेगा।
रोहिणी शहीद द्वार और कोरियासा मोड़ पर भी रोक रहेगी। सारठ और सारवां की ओर से आने वाले वाहनों को कर्णकोल मोड़, जबकि मधुपुर से आने वाले भारी वाहनों को एयरपोर्ट मोड़ पर रोका जाएगा। रांगा मोड़ और गिधनी की ओर से आने वाली बसों व भारी वाहनों को जटाही मोड़ से बरमसिया की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
एयरपोर्ट से कोर्ट तक जेड श्रेणी की सुरक्षा
सीजेआई के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद सख्त रखी गई है। उनके साथ पत्नी सविता वशिष्ठ, रजिस्ट्रार-कम-पीपीएस कुंतल शर्मा पाठक, सुप्रीम कोर्ट के असिस्टेंट रजिस्ट्रार (प्रोटोकॉल) अशोक कुमार शर्मा और लॉ क्लर्क-कम-रिसर्च एसोसिएट श्वेता शुक्ला भी झारखंड पहुंचेंगे। पूरे प्रतिनिधिमंडल को राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया है। उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
एयरपोर्ट से लेकर हाईकोर्ट गेस्ट हाउस और व्यवहार न्यायालय परिसर तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। एयरपोर्ट के पांच किलोमीटर के दायरे में सघन गश्ती का आदेश दिया गया है। रूटलाइन के सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने भी इमरजेंसी व्यवस्था तैयार की है। सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा के अनुसार सीजेआई के कारकेट के साथ एंबुलेंस, डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात रहेगी। अस्पताल में आपात स्थिति के लिए एक कमरा आरक्षित रखा गया है। जरूरत पड़ने पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के लिए ब्लड भी रिजर्व रखा गया है।
शाम 3:45 बजे देवघर और शाम 6:35 बजे रांची
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीजेआई न्यायमूर्ति सूर्यकांत दोपहर 3:45 बजे दिल्ली से विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे शाम 4 बजे बाबा बैद्यनाथ हाईकोर्ट गेस्ट हाउस पहुंचेंगे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद शाम 5:15 बजे वे व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय विधिक सेवा सह-सशक्तीकरण शिविर में शामिल होंगे। करीब 55 मिनट तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विधिक सहायता, पीड़ितों को आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने से जुड़ी गतिविधियां होंगी।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम 6:35 बजे सीजेआई विशेष विमान से रांची के लिए रवाना होंगे। उनके आगमन और प्रस्थान के समय को देखते हुए देवघर एयरपोर्ट से कोर्ट परिसर तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से नियंत्रित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से संबंधित मार्गों पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।

झारखंड हाईकोर्ट में बने डेटा सेंटर का उद्घाटन सीजेआई करेंगे।
रांची हाईकोर्ट में डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन
देवघर का कार्यक्रम समाप्त करने के बाद सीजेआई का अगला पड़ाव रांची होगा। यहां पहुंचने के बाद वे झारखंड हाईकोर्ट में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे और हाईकोर्ट के डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर हाईकोर्ट परिसर में भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डेटा सेंटर के शुभारंभ को न्यायिक व्यवस्था के तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सीजेआई के साथ आने वाले प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा और प्रोटोकॉल को लेकर प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाया गया है।