![]()
दीपावली का त्योहार आते ही घरों की साफ-सफाई और सजावट का सिलसिला शुरू हो जाता है। रंग-बिरंगी रोशनी, दीये और आकर्षक सजावट के बीच गेंदे के फूलों की खुशबू त्योहार की रौनक को और खास बना देती है। धनबाद में भी दीपावली को लेकर फूल बाजार सजने लगा है। दुकानदारों ने त्योहार के लिए फूलों की खरीदारी और दुकानों को आकर्षक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार दीपावली पर घरों और मंदिरों को सजाना लोगों की जेब पर पिछले साल के मुकाबले कम भारी पड़ेगा। इसकी वजह फूलों की अच्छी पैदावार है, जिससे बाजार में कीमतों में गिरावट आने की उम्मीद है। फूलों में सबसे ज्यादा मांग गेंदे की रहती है। घरों के मुख्य दरवाजे पर फूलों की लड़ियां लगाने से लेकर पूजा स्थल और मंदिरों को सजाने तक इसका इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा रजनीगंधा, गुलाब और जरबेरा की भी खरीदारी होती है। शुक्रवार को धनतेरस के साथ ही बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। इस बार 30-40 रुपए में मिलेंगे गेंदा फूल फूलों की कीमतों में आई कमी इस बार खरीदारों के लिए बड़ी राहत बन सकती है। फूल दुकानदार मंटू मालाकार के अनुसार, पिछले साल गेंदे के फूल की कीमत 70 से 80 रुपए तक थी, लेकिन इस बार अच्छी पैदावार के कारण इसके 30 से 40 रुपए में बिकने की उम्मीद है। यानी ग्राहकों को पिछले साल के मुकाबले लगभग आधी कीमत पर फूल मिल सकते हैं। धनबाद के फूल बाजार में कोलकाता, दिल्ली, बेंगलुरु और बनारस जैसे शहरों से फूल मंगाए जाते हैं। त्योहार को देखते हुए दुकानदार इन शहरों से फूलों की आपूर्ति की तैयारी में जुटे हैं। मंटू मालाकार ने बताया कि गुरुवार से दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा। कीमत कम रहने से इस बार हर वर्ग के लोग आसानी से फूल खरीद सकेंगे। इससे घरों के साथ पूजा स्थलों की सजावट भी पहले से ज्यादा आकर्षक होने की उम्मीद है। धनतेरस से बढ़ेगी रौनक, कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद दुकानदार लड्डू मालाकार के मुताबिक, दीपावली के दौरान गेंदे के फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। लोग पूजा के लिए फूलों की माला, घरों के दरवाजे और मंदिरों की सजावट के लिए गेंदे की खरीदारी करते हैं। इस बार कीमत कम होने से ग्राहकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। धनतेरस से ही फूल दुकानों पर भीड़ जुटने लगेगी। दुकानदारों को उम्मीद है कि सस्ती कीमत और त्योहार की मांग के कारण कारोबार पिछले साल से बेहतर रहेगा। दीपावली पर जहां एक ओर घर दीयों और रंगीन लाइटों से जगमगाएंगे, वहीं गेंदे के फूलों की पीली-नारंगी लड़ियां इस रौनक में चार चांद लगाएंगी। अच्छी पैदावार का फायदा इस बार दुकानदारों के साथ खरीदारों को भी मिलेगा। कम कीमत में फूलों की खरीदारी कर लोग अपने घर-आंगन को त्योहार के रंग में रंग सकेंगे।
Source link