![]()
बोकारो के सीसीएल कथारा क्षेत्र की कथारा कोलियरी में बुधवार देर रात कोयले का ढेर धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। घटना रात करीब दो से ढाई बजे स्टॉक यार्ड में हुई। कोयले का ढेर गिरने से वहां मौजूद आठ लोग मलबे में दब गए। मृतक और घायल सभी बांध बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृत महिलाओं की पहचान गुल्लू यादव की पत्नी पुष्पा देवी, विश्वनाथ की पत्नी कौशल्या देवी और हीरालाल की पत्नी सहोदरी देवी के रूप में हुई है। घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज दिया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) रेफर किया गया। स्थानीय ग्रामीण घरेलू इस्तेमाल और जलावन के लिए कोयला चुनने स्टॉक यार्ड पहुंचे थे। इसी दौरान कोयले का ढेर धंस गया और लोग मलबे में दब गए। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव में जुट गए। बाद में पुलिस, सीसीएल प्रबंधन के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन की टीम भी वहां पहुंची। लोगों को मलबे से निकालने के लिए अभियान चलाया गया। रात दो बजे स्टॉक यार्ड में पहुंचने पर सवाल
इस हादसे ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर रात दो बजे ग्रामीण स्टॉक यार्ड में कैसे पहुंचे? क्या वहां बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक और निगरानी की व्यवस्था नहीं थी? कोयले के इतने बड़े ढेर के पास लोगों की मौजूदगी कैसे हुई? इतनी रात को वहां पहुंचने की परिस्थितियों की जांच जरूरी है। सीसीएल कर्मचारी नहीं थे हादसे के शिकार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोग सीसीएल के कर्मचारी नहीं थे, बल्कि स्थानीय ग्रामीण थे। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के वास्तविक कारणों और स्टॉक यार्ड में लोगों की मौजूदगी के पीछे की वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। हादसे के बाद बांध बस्ती समेत पूरे कथारा क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Source link