![]()
सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट प्लस टू उच्च विद्यालय, झुमरीतिलैया की छात्राओं का प्रभारी प्रधानाध्यापक के निलंबन के विरोध में प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। छात्राएं स्कूल से निकलकर सड़कों पर आईं और शिक्षा विभाग के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज ने प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण सिंह को 2 नवंबर को निलंबित किया था। उन पर काम में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं करने का आरोप था। 4 नवंबर को छात्राओं को निलंबन की जानकारी मिली तो वे कक्षाओं से निकलकर स्कूल के मैदान में जमा हुईं और प्रदर्शन करने लगीं। शशि भूषण सिंह जब स्कूल से बाहर निकले, तो छात्राएं उनके पीछे गईं और उन्हें वापस स्कूल ले आईं। कुछ देर बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी स्कूल पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को समझाया और घर भेज दिया। छात्राएं निलंबन की वजह जानने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को गुरुवार को स्कूल आने की मांग पर अड़ी रहीं। इधर, गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यालय पहुंचे और छात्राओं को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया किंतु वे नहीं मानीं और प्रधानाध्यापक के निलंबन को रद्द करने की मांग करने लगीं। शिक्षा पदाधिकारी द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर छात्राएं स्कूल से बाहर झुंड बनाकर निकलीं और शहर के मुख्य स्थल झंडा चौक पहुंचकर प्रदर्शन करने लगीं। छात्राएं हाथों में निलंबन वापस लिए जाने सहित अन्य पोस्टर लेकर वहीं सड़क पर ही बैठ गईं। इधर, छात्राओं द्वारा शहर के मुख्य चौक पर बैठ जाने के कारण देखते ही देखे शहर में लंबा जाम लग गया। दीवाली की खरीदारी करने निकले कई लोग जाम में फंसे गए।
Source link