भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

अर्नब, मुरासु के बाद क्‍या? IMD ने बताया आज कैसा रहेगा मौसम...


Aaj Ka Mausam 6 November: दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले एक सप्ताह तक बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में 11 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. वहीं, केरल में 8 नवंबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. IMD के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 नवंबर तथा 9 से 11 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि, 7 और 8 नवंबर को इन क्षेत्रों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है और कई स्थानों पर व्यापक वर्षा होने का अनुमान है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने जम्‍मू-कश्‍मीर में कहीं-कहीं बर्फबारी होने का भी अनुमान जताया है. दिल्‍ली-एनसीआर में हवा की क्‍वालिटी के पुअर कैटेगरी में रहने का पूर्वानुमान है.

तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के साथ रायलसीमा में 11 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. इन क्षेत्रों में 9 नवंबर तक गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में 9 नवंबर तक तेज हवाएं भी चल सकती हैं. तेलंगाना में 7 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. रायलसीमा में भी 9 नवंबर के बीच आंधी-तूफान जैसी मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

मुरासु और अर्नब चक्रवाती तूफान ने भारत के तटवर्ती इलाकों में जमकर तबाही मचाई है. (फाइल फोटो/Reuters)

बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम का हाल

दक्षिण भारत के अलावा पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और ओडिशा में 7 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. अंडमान-निकोबार में 8 से 11 नवंबर के बीच बारिश का दायरा बढ़ने और कई स्थानों पर व्यापक वर्षा होने का अनुमान है. 9 से 11 नवंबर के दौरान द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. ओडिशा में 6 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. वहीं, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और झारखंड में 9 से 11 नवंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बिहार में फिलहाल मौसम का मिजाज शांत रहने की संभावना है.

मौसम हाईलाइट्स

  • चक्रवात मुरासु कमजोर पड़ा: चक्रवात मुरासु का अवशेष कमजोर होकर पूर्वी तेलंगाना और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है.
  • दक्षिण भारत में बारिश: केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के एक-दो दौर भी आ सकते हैं.
  • कश्मीर में बारिश और बर्फबारी: जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है.
  • दिल्ली-एनसीआर की हवा खराब: दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब बनी रहने की आशंका है. वहीं, मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम से कम 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है.

केरल और कर्नाटक में अलर्ट

केरल और माहे में 9 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. राज्य में 8 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में 6 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7 नवंबर तक बिजली गिरने और बारिश की संभावना है. यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश का अनुमान है.

जम्‍मू-कश्‍मीर में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. (फाइल फोटो/Reuters)

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

पूर्वोत्तर भारत में भी अगले सप्ताह मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 9 से 11 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में आठ से 11 नवंबर तक बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में 9 और 10 नवंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. वहीं, असम, मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा में 9 से 11 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए क्‍या है मौसम पूर्वानुमान

उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. 10 नवंबर को इन क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 नवंबर तथा उत्तराखंड में 8 और 9 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. इसके विपरीत, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम की कोई महत्वपूर्ण गतिविधि होने की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश की मुख्य गतिविधियां दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर राज्यों तक सीमित रहेंगी.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top