![]()
हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में सोमवार को हुए सड़क हादसे में गिरिडीह के बगोदर निवासी सात लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से पांच एक ही परिवार के सदस्य थे। मंगलवार को बगोदर के बिहारो गांव में पांच चिताएं एक साथ जलीं। चार साल के सावन कुमार ने अपने माता-पिता राजू पंडित और सावित्री देवी को मुखाग्नि दी। सावन सफेद धोती पहनकर, मुंडन कराए और नंगे पैर श्मशान घाट पहुंचा था। सावन के पिता राजू पंडित सोमवार की सुबह ही अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुंबई से गांव पहुंचे थे। शव लेकर वाराणसी जा रहे थे 19 लोग दरअसल, 90 वर्षीय कुंजो प्रजापति का रविवार को निधन हो गया था। उनकी अंतिम इच्छा थी कि उनका अंतिम संस्कार वाराणसी में किया जाए। परिवार ने उनके पार्थिव शरीर को वाराणसी ले जाने का फैसला किया था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और पड़ोसी समेत कुल 19 लोग एक सवारी गाड़ी में वाराणसी के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में कंटेनर की टक्कर से हादसा हुआ। पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार को गांव लाया गया शव मृतकों में कुंजो प्रजापति के बेटे राजू पंडित, उनकी पत्नी सावित्री देवी, बुधनी देवी (पत्नी लखन प्रजापति),रुबिया देवी (पत्नी सीता राम पंडित), ढोकला पंडित (दामाद), रामेश्वर पंडित (जीजा) और पड़ोसी राम किशुन मंडल शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों का शव मंगलवार को गांव लाया गया तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। इसके बाद एक साथ पांच चिताएं सजाई गईं। एक ही परिवार के कई सदस्यों की अर्थियां उठने से गांव के लोगों का कलेजा कांप उठा। घायलों का इलाज हजारीबाग और रिम्स में चल रहा वहीं, हादसे में घायल दीपनी देवी और उगनी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों में विनोद साहू, सरजू महतो, परमेश्वर पंडित, डिली प्रजापति, जितेंद्र पंडित, विष्णु पंडित, सीताराम पंडित, फागुन पंडित, लखन पंडित और मोती देवी शामिल हैं। सवारी गाड़ी के चालक और खलासी समेत कुल 12 घायलों का इलाज हजारीबाग और रिम्स में चल रहा है।
Source link