Last Updated:
Palamu Chhath Pooja Preparation: पलामू के मेदिनीनगर स्थित अमानत नदी घाट पर छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार 11 ब्राह्मणों की टीम भव्य गंगा आरती करेगी और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम सहित कई सुविधाएं मिलेंगी.
पलामू. लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत के साथ ही पलामू जिले में घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं. मेदिनीनगर शहर के अमानत नदी घाट पर इस बार छठ महापर्व का आयोजन बेहद खास होने जा रहा है. यहां श्रद्धालुओं को भव्य गंगा आरती के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है. आयोजन समिति की ओर से घाट को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. इस बार 11 ब्राह्मणों की विशेष टीम द्वारा गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा. इसके लिए बाहर से विशेष टीम को आमंत्रित किया गया है, जो पूरे विधि-विधान के साथ आरती संपन्न कराएगी. शाम छह बजे के बाद गंगा आरती का आयोजन होगा.
11 ब्राह्मणों की टीम करेगी भव्य गंगा आरती
लायंस क्लब के अध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष गंगा आरती की पूरी टीम में बदलाव किया गया है. नई और विशेष टीम को बाहर से बुलाया गया है. 11 ब्राह्मण एक साथ पारंपरिक तरीके से गंगा आरती करेंगे. इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को एक भव्य और भक्तिमय वातावरण का अनुभव मिल सके. आरती स्थल पर आकर्षक लाइटिंग के लिए ऊंचे-ऊंचे टावर लगाए जाएंगे. इससे पूरा घाट सुनहरी रोशनी से जगमगाएगा और शाम के समय घाट का नजारा बेहद आकर्षक होगा.
महिलाओं के लिए बनेंगे 10 चेंजिंग रूम
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. घाट पर दस चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं. इसके अलावा एक सेवा आश्रम का भी निर्माण कराया जा रहा है. यहां श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार सुविधाएं मिल सकेंगी. आयोजन स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल भी बनाया जा रहा है, ताकि बारिश या मौसम में बदलाव होने पर भी लोगों को परेशानी न हो. इसके साथ ही बैरिकेडिंग, जल संरक्षण और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
नि:शुल्क मिलेगी पूजन सामग्री, बनेगा खोया-पाया केंद्र
आगे कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजन सामग्री की निशुल्क व्यवस्था की गई है. इसके अलावा घाट पर खोया-पाया केंद्र सहित कई सेवा केंद्र बनाए जाएंगे. नदी घाट की सीढ़ियों की मरम्मत, साफ-सफाई और सजावट का काम तेजी से कराया जा रहा है. आयोजन समिति का प्रयास है कि व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो और पूरा परिसर व्यवस्थित रहे.
1995 से जारी है लायंस क्लब की परंपरा
रूपेश कुमार ने बताया कि वर्ष 1995 से लायंस क्लब और लियो क्लब की ओर से अमानत नदी घाट पर छठ पूजा के अवसर पर विशेष आयोजन किया जा रहा है. करीब तीन दशक पहले जब यहां छठ करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम थी, तब क्लब की ओर से गंगा आरती, घाट की सफाई और लाइटिंग की पहल की गई थी. धीरे-धीरे यह आयोजन परंपरा बन गया. आज यहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि छठ के दौरान करीब 50 हजार से लेकर एक लाख तक लोग घाट पहुंचते हैं. इसी बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…