वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर 108 एंबुलेंस चालकों एवं कर्मियों की 19 नवंबर को प्रस्तावित हड़ताल का जिले में व्यापक असर पड़ने की संभावना नहीं है। जिले में कार्यरत 110 चालक व कर्मियों में से केवल 20 ने 19 नवंबर से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इनमें पांच एंबुलेंस के चालक व कर्मी शामिल हैं, जबकि 94 चालक एवं कर्मचारी हड़ताल से खुद को अलग रखे हुए हैं। 108 एंबुलेंस चालक संघ के दूसरे गुट के जिला प्रमुख प्रमोद पांडेय व पंकज सिंह ने बताया कि वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर सरकार के प्रतिनिधिमंडल और एंबुलेंस कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई है। इसमें संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से निर्णय लेने के लिए चार दिनों का समय मांगा है। इस अवधि में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 22 नवंबर को होने वाली बैठक में हड़ताल की अगली रणनीति और तिथि तय की जाएगी। प्रत्येक एंबुलेंस पर चार-चार चालक इसलिए असर कम गौरतलब है कि बोकारो में सरकार की ओर से 28 एंबुलेंस का संचालन किया जा रहा है। प्रत्येक एंबुलेंस में चार-चार चालक व कर्मी हैं। ऐसे में सीमित कर्मियों के हड़ताल पर जाने से जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा पर असर पड़ने की संभावना कम है। वहीं, इस पर सिविल सर्जन डॉ. एबी प्रसाद ने कहा कि जिला में 108 एंबुलेंस चालकों के हड़ताल का कोई असर नहीं होगा। सभी एंबुलेंस चालक और कर्मचारी अपने-अपने काम पर हैं। बोकारो में अभी तक किसी भी प्रकार के हड़ताल की कोई सूचना नहीं दी गई है और अभी तक ना किसी तरह का हड़ताल हुआ है।
Source link