![]()
भास्कर एक्सक्लूिसव बोकारो स्टील सिटी की सड़कों पर घूमते मवेशी कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। बावजूद बीएसएल प्रबंधन की गंभीरता सिर्फ माइकिंग तक सिमटकर रह गई है। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशुपालकों को आर्थिक दंड लगाने और कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। माइकिंग हुए करीब 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक सन्नाटा है। न मवेशियों की धर-पकड़ हुई और न ही किसी पशुपालक पर जुर्माना लगाने की जानकारी सामने आई। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बीएसएल ने यह अभियान शुरू क्यों किया। क्या प्रबंधन के पास कार्रवाई की कोई ठोस योजना है या फिर माइकिंग कराकर केवल औपचारिकता पूरी कर ली गई। हैरानी की बात यह है कि बीएसएल प्रबंधन वर्ष 2022 में भी अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित कराकर पशुपालकों को इसी तरह की चेतावनी दे चुका है। चार साल बाद फिर वही चेतावनी, वही समस्या और वही बेपरवाही। यदि पिछली चेतावनी के बाद प्रभावी कार्रवाई हुई होती तो आज स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। प्रबंधन की घोषणाओं और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर अब शहरवासियों को साफ नजर आने लगा है। केस-2: कॉम्प्लेक्स के पास भैंसों के झुंड से टकराई कार 10 अक्टूबर को सेक्टर-4एफ निवासी एनके सिंह लक्ष्मी मार्केट से अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-4एफ स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास सड़क पर मौजूद भैंसों का झुंड अचानक इधर-उधर भागने लगा। इसी अफरातफरी में एक भैंस उनकी कार से टकरा गई। केस-1: लेक रोड पर बीएसएल कर्मी गंभीर रूप से हुआ घायल पिछले दिनों सिटी थाना क्षेत्र के लेक रोड स्थित हेड पोस्ट ऑफिस के पास देर रात करीब डेढ़ बजे सड़क पर बैठे मवेशी से बाइक टकरा गई। इससे सेक्टर-1सी निवासी बीएसएल कर्मी गजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बीजीएच में भर्ती कराना पड़ा। बीएसएल के पास भी नहीं है कार्रवाई की जानकारी इस संबंध में बीएसएल के सीओसी मणिकांत धान ने बताया कि दो दिन तक माइकिंग कराई गई है। लेकिन इसके बाद कितने पशुपालकों को चिह्नित किया गया, कितने मवेशियों को पकड़ा गया और कितने लोगों से जुर्माना वसूला गया, इन सवालों पर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। यह स्थिति बताती है कि चेतावनी जारी करने के बाद अभियान की निगरानी और उसके परिणामों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बीएसएल की कार्यशैली पर सबसे बड़ा सवाल बंद कांजी हाउस को लेकर है। वर्षों पहले शहर में खुला घूमने वाले मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस में रखा जाता था। पशुपालक जुर्माना भरने के बाद ही मवेशियों को छुड़ा पाते थे। इससे सड़कों पर मवेशी छोड़ने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगता था। लेकिन वर्षों से कांजी हाउस बंद पड़ा है। छठ के दौरान बढ़ी आवाजाही, हादसे का खतरा भी त्योहारी सीजन में यह लापरवाही और भारी पड़ सकती है। छठ महापर्व को लेकर शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। व्रती और उनके परिजन सुबह-शाम घाटों तक पहुंचने के लिए निकलते हैं। ऐसे में सड़क के बीच बैठे व गुजरते मवेशी जानलेवा साबित हो सकते हैं। सेक्टर-4 बीजीएच के पास पार्क में घुसते मवेशी।
Source link