![]()
आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 में नया केस (आरसी0482026एस0007) दर्ज कर रांची के पिठौरिया थाने में दर्ज मूल मामले को टेकओवर कर लिया है। जांच शुरू करते ही सोमवार को सीबीआई की विशेष टीम मुख्य आरोपी अजय तिर्की के घर पहुंची। वहां घंटों छानबीन कर अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खंगाले। सीबीआई के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अनुशंसा पर झारखंड सरकार ने 10 नवंबर को दिल्ली स्पेशल पुलिस स्थापना (डीएसपीई) एक्ट, 1946 की धारा 6 के तहत जांच की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद 14 नवंबर को केंद्रीय कार्मिक विभाग की अधिसूचना जारी हुई। इसके साथ ही एजेंसी ने पिठौरिया थाने में दर्ज कांड संख्या 0114/2026 की जांच अपने हाथ में ले ली। सीबीआई ने नामजद आरोपी अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आत्महत्या से पहले 10 मिनट के फेसबुक लाइव में बयां की थी प्रताड़ना की कहानी आदिवासी अधिकारों के लिए मुखर रहने वाली निशा भगत की 6 नवंबर 2026 को पिठौरिया स्थित आवास में मौत हो गई थी। मौत से ठीक पहले उन्होंने घर से करीब 10 मिनट तक फेसबुक लाइव किया था। इसमें उन्होंने झारखंड सरकार, स्थानीय पुलिस-प्रशासन और जमीन कारोबार से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार भी लगाई थी। इसके कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर सामने आई। आगे क्या… सीबीआई की जांच के 5 अहम कदम फेसबुक लाइव की फॉरेंसिक जांच: निशा के मोबाइल, लैपटॉप और आखिरी 10 मिनट के फेसबुक लाइव की रॉ फुटेज व मेटाडेटा की जांच होगी। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि लाइव के दौरान या उसके ठीक बाद कमरे में कोई मौजूद था या नहीं। सोशल मीडिया और कॉल डिटेल खंगालेगी: चरित्र हनन के आरोपों की पड़ताल के लिए आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच होगी। आरोपियों और मृतका की पिछले छह महीने की कॉल डिटेल और लोकेशन भी खंगाली जाएगी। जमीन कारोबार के एंगल की जांच: निशा ने लाइव में जमीन कारोबारियों का जिक्र किया था। सीबीआई अब पिठौरिया और आसपास के इलाकों में उन विवादित जमीन सौदों के दस्तावेज खंगालेगी, जिनका निशा विरोध कर रही थीं। थानेदार और पुलिस अधिकारियों से पूछताछ: तत्कालीन पिठौरिया थाना प्रभारी और शुरुआती जांच करने वाले पुलिस अधिकारियों के बयान दर्ज किए जा सकते हैं। निशा ने स्थानीय पुलिस-प्रशासन पर भी प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। क्राइम सीन री-क्रिएशन और पोस्टमार्टम की समीक्षा: सीबीआई की फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर जाकर क्राइम सीन री-क्रिएट कर सकती है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट की दोबारा समीक्षा भी कराई जा सकती है, ताकि मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।
Source link