![]()
झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। बंगाल की खाड़ी में तेजी से विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से 19 नवंबर से रांची समेत राज्य के कई जिलों में बादल छाने और बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को इसका सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। इन दोनों दिनों में रांची समेत कई जिलों में गर्जन के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश और बादलों के कारण दिन के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे दिन में भी ठंड और सिहरन महसूस होगी। वहीं, अगले पांच दिनों तक सुबह में कुहासा छाये रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव का असर जनजीवन और यातायात पर भी पड़ सकता है। कल से दिखने लगेगा चक्रवात का असर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान लगातार ताकतवर हो रहा है। इसके 18 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है। 20 नवंबर की दोपहर इसके आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच टकराने का अनुमान है। इसके बाद तूफान की गति कमजोर हो सकती है। हालांकि, इसके साथ आने वाली नमी का असर ओडिशा होते हुए झारखंड तक पहुंचेगा। 19 नवंबर को रांची समेत कई इलाकों में सुबह कुहासा छाने के बाद आसमान में आंशिक बादल रहेंगे। दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद 20 नवंबर से बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है। रांची समेत 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी 20 और 21 नवंबर को चक्रवात का प्रभाव झारखंड में अधिक रहेगा। मौसम विभाग ने रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में सुबह कुहासा छाने के साथ दिनभर बादल रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ेगी। इसके कारण बारिश की स्थिति बनेगी। लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे ठंड का एहसास बढ़ेगा। 22 नवंबर के बाद कमजोर पड़ेगा सिस्टम, बढ़ेगी ठंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 22 और 23 नवंबर तक चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां कम होंगी और 24 नवंबर से आसमान साफ होने लगेगा। हालांकि, सुबह में कुहासा रहने का सिलसिला जारी रह सकता है। आसमान साफ होने के बाद रात के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में हवा की गति बढ़ सकती है। मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है। अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कुहासा और दिन में बादल रहने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है। वहीं, बारिश के कारण तापमान में गिरावट से लोगों को दिन में भी ठंड महसूस होगी।
Source link