Last Updated:
पलामू के किसान तारकेश्वर सिंह ने एक कट्ठे में चार हजार लगाकर अदरक की खेती से 62 हजार रुपये कमाए. पेड़ों की छांव और खाली जमीन का उन्होंने बेहतर इस्तेमाल किया. इस शानदार सफलता के बाद अब वे एक एकड़ जमीन में अदरक उगाने की तैयारी कर रहे हैं.
पलामूः खेती-किसानी में अगर सही तकनीक और बेहतर योजना के साथ काम किया जाए तो कम जमीन में भी लाखों रुपये की कमाई की जा सकती है. इसकी मिसाल पलामू के एक किसान पेश कर रहे हैं, जो पारंपरिक खेती के साथ कमर्शियल खेती को भी बढ़ावा दे रहे हैं. किसान वर्ष 2011 से बागवानी कर रहे हैं. उन्होंने अपने बागान में फलदार पौधे लगाने के साथ खाली बची जमीन का भी बेहतर इस्तेमाल करना शुरू किया. जहां पेड़ों की छांव रहती है, वहां अदरक और ओल की खेती कर रहे हैं.
दरअसल, पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड के किसान तारकेश्वर सिंह चेरो ने बताया कि पिछले साल उन्होंने प्रयोग के तौर पर महज एक कट्ठा जमीन में अदरक की खेती की थी. इसमें बीज, खाद और अन्य खर्च मिलाकर करीब 4 हजार रुपये लगाए थे. इसके बाद फसल तैयार होने पर उन्हें लगभग 62 हजार रुपये की कमाई हुई. एक छोटी सी जमीन में इतना बेहतर परिणाम मिलने के बाद अब उन्होंने बड़े स्तर पर इसकी खेती करने का निर्णय लिया है. इस बार करीब एक एकड़ जमीन में अदरक की खेती करने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अदरक की खेती लगभग छह महीने में तैयार हो जाती है. इसकी बाजार में अच्छी मांग रहती है. यही वजह है कि इसकी बिक्री के लिए अलग से बाजार तलाशने की जरूरत नहीं पड़ती है.
उन्होंने आगे बताया कि अगर किसान एक एकड़ में अदरक की खेती करते हैं तो सभी मजदूरी और अन्य खर्च काटने के बाद लगभग 5 से 10 लाख रुपये तक मुनाफा कमा सकते हैं. इसकी खेती में वर्मी कंपोस्ट का इस्तेमाल कर बेहतर उत्पादन लिया जा सकता है. खास बात यह है कि इसमें बहुत अधिक मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती. एक बार अदरक की रोपाई करने के बाद समय पर निराई-गुड़ाई और मिट्टी चढ़ाने का काम करना होता है. इसके बाद फसल तैयार होने तक सामान्य देखभाल करनी पड़ती है.
उन्होंने कहा कि पहले के समय में पूर्वज दो से तीन एकड़ जमीन पर पारंपरिक खेती करके पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन अब खेती का तरीका बदलने की जरूरत है. आज के दौर में किसानों को बाजार की मांग के अनुसार कमर्शियल खेती अपनानी होगी. फलदार पौधों के साथ खाली जमीन पर अदरक, ओल जैसी फसलों की खेती करके किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं. कम जमीन में अधिक मुनाफा देने वाली ऐसी फसलें किसानों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती हैं.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…