सिटी रिपोर्टर | बोकारो बीएसएल में ठेका मजदूरों की लगातार हो रही छंटनी के विरोध में जय झारखंड मजदूर समाज के बैनर तले मजदूरों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कोक ओवन बैटरी नंबर-3 से निकला जुलूस मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। महामंत्री बीके चौधरी ने कहा कि रुपए बचाने के नाम पर ठेका मजदूरों की छंटनी करना अमानवीय है। जिन मजदूरों के श्रम से प्लांट का उत्पादन और मुनाफा बढ़ रहा है, आज उन्हीं के सामने परिवार के भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है। चौधरी ने मजदूरों की छंटनी पर तत्काल रोक लगाने, कम मैनपावर में अधिक काम के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि 11 सूत्री मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ, तो मजदूर प्लांट का चक्का जाम करेंगे।
Source link