Last Updated:
Ranchi Woman Farmer Finger Millet Farming: रांची के खूंटी स्थित हूटूर गांव की सरानी मड़वा की खेती कर अच्छा मुनाफा कमा रही हैं. मात्र तीन महीने में तैयार होने वाली इस फसल से उन्हें घर की आमदनी के साथ सेहतमंद व्यंजन भी मिल रहे हैं. वे इसके लिए खास खाद भी खुद ही तैयार करती हैं.
रांची. रांची से करीब 40 किमी की दूरी पर स्थित खूंटी के हूटूर गांव की सरानी खासतौर पर मड़वा की खेती करती हैं. उन्होंने बताया कि मैंने एक एकड़ में इसकी खेती की है और इसमें 30 क्विंटल से अधिक का उत्पादन देखने को मिलेगा. उन्होंने बताया कि 3 महीने में फसल तैयार हुई है. बाजार में ₹35 किलो के हिसाब से व्यापारी इसे ले जाते हैं. साथ ही इसका आटा पीसकर भी व्यापारियों को दिया जाता है, जिसकी भारी डिमांड रहती है.
हम लोग मिक्सी की मदद से इसका आटा भी पीसते हैं. कई बार बाजार में 50 से लेकर 75 रुपये किलो तक भाव रहता है. तो इससे भी अच्छी आमदनी हो जाती है और कुछ मड़वा से हम घर में तीन -चार तरह के व्यंजन बनाकर भी खाते हैं. कुल मिलाकर इसकी खेती से उन्हें कई प्रकार के फायदे मिलते हैं.
इस तरीके से फसल हुई तैयार
सरानी बताती हैं कि इसके लिए हमने खास खाद भी बनायी थी. आसपास के जंगल में जो भी सूखे पत्ते होते हैं, उनको इकट्ठा करते हैं, जलाते हैं और फिर उनको गड्ढे में डाल देते हैं. उसमें डीएपी और गोबर की खाद डालते हैं और कुछ दिन के लिए छोड़ देते हैं. वही खाद हम लोग खेत में इस्तेमाल करते हैं. हमने बस इसी खाद का प्रयोग किया है.
इसके अलावा 10 से 15 दिन तक छोटे-छोटे बिचड़े तैयार करने पड़ते हैं, यानी पौधे तैयार करने पड़ते हैं. 10-20 किलो बीज से हम पौधे तैयार करते हैं और इसके बाद फिर रोपनी होती है. आपको पहले नर्सरी में इसके पौधे अलग से तैयार करने पड़ते हैं और फिर एक-एक पौधे को लेकर रोपा जाता है.
तीन तरह के व्यंजन बनाकर खाते हैं
इसके अलावा हम लोग आधा मड़वा अपने घर पर रख लेते हैं. हम लोग हर दिन मड़वा की रोटी खाते हैं. इसके अलावा मड़िया का डंबू बनता है, वह भी खाते हैं और एक मोटी-मोटी रोटी की तरह सेंककर बनाते हैं. तो इस तरीके से हम लोग घर पर भी तीन-चार व्यंजन बनाकर खाते हैं और बाकी आधा बाजार में बेच देते हैं. ये स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है इसलिए रोज के खाने में शामिल करने से भी फायदा मिलता है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…