बोकारो | दो दिन पूर्व ईमेल के माध्यम से बोकारो को उड़ाने की धमकी मिलने के मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत थी, जिसका उद्देश्य लोगों में भय और पैनिक माहौल उत्पन्न करना था। मामले में किसी तरह की धमाके की आशंका नहीं है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की जांच की है। ईमेल किसी लड़की के नाम से बनाए गए फर्जी अकाउंट से भेजा गया था। जांच में अमेरिका या किसी अन्य देश से इसका कोई संबंध सामने नहीं आया है। इंटरनेट पर वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) के इस्तेमाल के कारण दूसरे देश का आईपी एड्रेस दिखाई दे सकता है। ऐसे में विदेश का आईपी एड्रेस सामने आने का मतलब यह नहीं है कि धमकी का संबंध विदेश से है। एसपी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान इस तरह का ईमेल भेजकर लोगों में असामान्य माहौल बनाने की कोशिश की गई थी। पुलिस मामले की पड़ताल कर चुकी है। जांच में किसी तरह की पैनिक जैसी स्थिति नहीं मिली है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांत रहने की अपील की है। उन्होंने किसी भी अखबार या चैनल पर अपना आधिकारिक बयान दिए जाने को खारिज भी किया। बता दें कि बोकारो इस मेल के आने से हड़कंप मच गया था।
Source link