भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला:दिल्ली में छाया झारखंड का स्वाद, रागी चॉकलेट आउट...




नई दिल्ली में चल रहे भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान पवेलियन में भारी भीड़ उमड़ी, जहां रागी चॉकलेट, लड्डू, देसी अचार और विभिन्न फूलों से तैयार ऑर्गेनिक मोनोफ्लोरल शहद की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है। मेले में झारखंड के पारंपरिक खाद्य उत्पादों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ‘जोहार रागी’ स्टॉल पर रागी से बनी चॉकलेट की पूरी खेप एक दिन में ही बिक गई। स्टॉल संचालिका सुषमा ने उत्साह जताते हुए कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि रागी से बनी चॉकलेट को लोगों का इतना अच्छा रेस्पॉन्स मिलेगा। वहीं, स्टॉल संचालिका अस्मिता ने बताया कि रागी के लड्डुओं को भी ग्राहकों की शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। रागी से तैयार नमकीन और ठेकुआ भी आगंतुकों को खूब भा रहे हैं। पवेलियन में ‘अरजनीत फार्म’ द्वारा प्रदर्शित प्राकृतिक शहद की विभिन्न किस्में लोगों के बीच खासी चर्चा में हैं। फार्म की सबसे खास पेशकश ‘मोनोफ्लोरल शहद’ (एकल पुष्प स्रोत से प्राप्त शहद) है। स्टॉल पर नीम और तुलसी सहित विभिन्न पुष्प स्रोतों से प्राप्त शहद उपलब्ध हैं। स्टॉल संचालक पुनीत कंचन कुजूर ने बताया कि उनका उद्देश्य लोगों को शहद की विभिन्न किस्मों और उनकी अलग-अलग विशेषताओं से परिचित कराना है। आमतौर पर लोग शहद को एक ही तरह का उत्पाद मानते हैं, जबकि अलग-अलग फूलों से प्राप्त शहद का स्वाद, सुगंध और प्रकृति भिन्न होती है। उन्होंने खुशी जताई कि आगंतुक मोनोफ्लोरल शहद में विशेष रुचि दिखा रहे हैं। आगे क्या… व्यापारिक दिवसों में ही उत्पादों के हाथों-हाथ बिक जाने से झारखंड के स्थानीय उत्पादकों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई चेन और बड़े बाजारों से जुड़ने के नए रास्ते खुलेंगे। रागी जैसे मोटे अनाज (मिलेट्स) से बने आधुनिक उत्पाद जैसे चॉकलेट और पारंपरिक लड्डू-ठेकुआ की बढ़ती मांग सीधे तौर पर झारखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला उद्यमियों की आय बढ़ाने में मददगार साबित होगी। साथ ही शहरी उपभोक्ताओं को शुद्ध और औषधीय गुणों वाले उत्पाद मिल सकेंगे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top