मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को एक निजी कार्यक्रम में बोकारो पहुंचे। उन्होंने झारखंड विधानसभा के आगामी विशेष सत्र को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष सत्र के माध्यम से राज्य की जनता को बताया जाएगा कि सरकार उनके हितों के लिए किस तरह की नीतियां तैयार कर रही है। राज्य के हित और आम लोगों के अधिकारों से जुड़े कई ज्वलंत विषयों पर सदन में चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ मुद्दे ऐसे हैं, जो वर्तमान समय में काफी महत्वपूर्ण हो चुके हैं। ऐसे विषयों पर गंभीर चर्चा जरूरी है, ताकि राज्य के हितों और जनता के अधिकारों को मजबूती से सामने रखा जा सके। विशेष सत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम समेत अन्य विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। बोकारो में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग को लेकर पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से सवाल किया। इस पर उन्होंने बोकारो में जल्द प्रेस क्लब का भवन बनवाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री सेक्टर-3ए स्थित क्वार्टर नंबर 30 पहुंचे थे। यहां उन्होंने राकेश कुमार सिंह की दिवंगत माता शांति सिंह के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मौके पर विधायक श्वेता सिंह, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक, डीसी अजय नाथ झा, जिलाध्यक्ष रतनलाल मांझी, महानगर अध्यक्ष मंटू यादव, फैयाज आलम, दिलीप ठाकुर, समीर हुसैन, अख्तर अंसारी, प्रमोद तापाड़िया, सष्टि देवी, ज्योति प्रकाश आदि मौजूद थे।
Source link