Last Updated:
Business Idea: पलामू की सुषमा कुमारी 2006 से घर पर ही 120 रुपये किलो की दर से मशरूम का बीज तैयार कर किसानों को दे रही हैं. इससे स्थानीय किसानों को काफी राहत मिली है और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं. इसके साथ ही वह खेती करने वाले किसानों को ट्रेनिंग भी देती हैं.
पलामू: मशरूम की खेती आज के किसानों के लिए कम लागत में बेहतर मुनाफा कमाने का एक अच्छा विकल्प बनती जा रही है, लेकिन मशरूम की खेती शुरू करने में सबसे बड़ी चुनौती अच्छे बीज यानी स्पॉन की उपलब्धता होती है. पलामू में अब किसानों को इसके लिए दूसरे जिलों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है. डाल्टनगंज की रहने वाली सुषमा कुमारी वर्ष 2006 से घर पर ही मशरूम का बीज तैयार कर किसानों को उपलब्ध करा रही हैं. उनकी इस पहल से जिले के सैकड़ों किसान लाभान्वित हो रहे हैं.
खेती के साथ किसानों को दे रही प्रशिक्षण
सुषमा देवी खुद मशरूम की खेती करती हैं. इसके साथ ही ग्रामीणों, किसानों व महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण भी देती हैं. उनके प्रशिक्षण का उद्देश्य कम जगह और सीमित संसाधनों में मशरूम की खेती शुरू कर लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है. खासकर ग्रामीण महिलाएं और छोटे किसान उनके इस काम से जुड़कर रोजगार के नए अवसर तलाश रहे हैं. मशरूम की खेती के जरिए घर बैठे आमदनी बढ़ाने की जानकारी भी वह लोगों को देती हैं.
गेहूं के दाने से तैयार होता है मशरूम का बीज
उन्होंने आगे कहा कि मशरूम का बीज तैयार करने के लिए सबसे पहले गेहूं के दानों का इस्तेमाल किया जाता है. गेहूं को अच्छी तरह साफ कर धोया जाता है और फिर आधा उबाला जाता है. इसके बाद दानों को पंखे के नीचे करीब दो से तीन घंटे तक फैलाकर सुखाया जाता है, ताकि उनमें अतिरिक्त नमी न रहे. इसके बाद गेहूं के दानों में कैल्शियम कार्बोनेट पाउडर मिलाया जाता है, जिससे दाने आपस में चिपकने से बचते हैं. तैयार मिश्रण को पैक करने के बाद स्टरलाइजेशन यानी जीवाणु रहित करने की प्रक्रिया से गुजारा जाता है. इसके बाद इसमें मदर कल्चर मिलाया जाता है. पूरी प्रक्रिया के बाद लगभग एक सप्ताह में मशरूम का बीज तैयार हो जाता है.
120 रुपये किलो में मिल रहा बीज
सुषमा देवी किसानों को मशरूम का बीज करीब 120 रुपये प्रति किलो की किफायती दर पर उपलब्ध करा रही हैं. पहले पलामू के किसानों को मशरूम का बीज बाहर से मंगाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों खर्च होते थे. अब स्थानीय स्तर पर बीज मिलने से किसानों को राहत मिल रही है. यहां ब्लू मशरूम, ब्राउन मशरूम समेत विभिन्न प्रकार के मशरूम के बीज उपलब्ध कराए जाते हैं. किसान सीधे संपर्क कर बीज प्राप्त कर सकते हैं और मशरूम की खेती शुरू कर कम लागत में बेहतर आमदनी की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…