बोकारोः बोकारो के कसमार में एक छोटी-सी पकौड़ी की दुकान इन दिनों खूब चर्चा में है. वजह है यहां झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन का पहुंचना. हाल ही में सड़क निर्माण काम के निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने इस दुकान पर रुककर पकौड़ी खाई, वहीं कल्पना सोरेन ने खुद चाय बनाकर पी. इसके बाद से ही 16 साल पुरानी इस दुकान की चर्चा दूर-दूर तक होने लगी है. अब यहां दूर-दूर से लोग पहुंचकर पकौड़ी का स्वाद चख रहे हैं.
2010 में की थी होटल की शुरुआत
कुणाल जायसवाल बताते हैं कि उन्होंने वर्ष 2010 में इस दुकान की शुरुआत की थी. अब इस होटल को चलाते हुए करीब 16 साल हो चुके हैं और दोनों भाई मिलकर होटल का संचालन कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री को देखकर कांपने लगे थे कुणाल
कुणाल जायसवाल बताते हैं कि जब मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी उनके होटल पहुंचे तो शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि कौन आया है. हालांकि, कल्पना सोरेन को देखते ही उन्हें पहचान हो गई कि मुख्यमंत्री भी साथ हैं. इसके बाद वह काफी घबरा गए और डर के कारण उनके हाथ-पैर कांपने लगे.
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन को अपने छोटे से होटल में देखकर उन्हें बेहद गर्व महसूस हुआ. खासकर मुख्यमंत्री का आम लोगों के बीच पहुंचना और एक छोटी दुकान पर रुककर चाय-पकौड़ी का आनंद लेना उनके लिए यादगार पल बन गया. कुणाल का कहना है कि मुख्यमंत्री के आने से उनके होटल को पूरे राज्य में पहचान मिली है.
पकौड़ी और आलू चॉप है खास पहचान
आगे कुणाल ने बताया कि उनके होटल में सबसे अधिक पकौड़ी की खपत होती है इसके अलावा यहां आलू चॉप, समोसा, छोला और मिठाइयों में लड्डू, बालूशाही भी मिलते हैं. वहीं उनके होटल में रोजाना लगभग 100 प्लेट पकौड़ी की बिक्री हो होती है वहीं मुख्यमंत्री के आने के बाद ग्राहकों की संख्या में भी कुछ बढ़ोतरी हुई है और अब आसपास के अलावा दूर-दराज से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं.
आगे होटल को बड़ा बनाने की है तैयारी
कुणाल बताते हैं कि मुख्यमंत्री के दौरे के बाद अब वह भविष्य में अपने होटल को और बेहतर बनाने की तैयारी में हैं. उनकी योजना दुकान का विस्तार करने के साथ यहां भोजन की व्यवस्था शुरू करने की भी है. वह चावल, दाल, सब्जी और मछली जैसे व्यंजन भी ग्राहकों को उपलब्ध कराना चाहते हैं.
आखिर में कुणाल कहते हैं कि मुख्यमंत्री दोबारा उनके होटल आएंगे तो वह उनकी पसंद के अनुसार खाना खिलाएंगे. वहीं, कल्पना सोरेन के खुद चाय बनाने और पिलाने का अनुभव आज भी उन्हें बेहद खास लगता है उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के आने से दुकान को जो पहचान मिली है, उसे आगे बढ़ाने के लिए अब वह और मेहनत करेंगे.