![]()
भास्कर न्यूज| नोवामुंडी झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाली 42 किमी लंबी डांगोवापोसी-जुरूली रेलखंड पर प्रस्तावित तीसरी और चौथी रेल लाइन के विस्तारीकरण से प्रभावित पदापहाड़, सारबिल और हुटूसुड गांव के रैयतों को अपनी समस्याएं रखने के लिए सोमवार को भी लंबा इंतजार करना पड़ा। दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन और चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया से मिलने के लिए रैयतों का प्रतिनिधिमंडल सुबह 10 बजे ही डांगुवापोसी स्टेशन पहुंच गया था। अधिकारी निरीक्षण कार्यक्रम में व्यस्त थे। इस कारण दोपहर 3 बजे जाकर उनकी मुलाकात हो सकी। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा और झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकू ने रेल अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की ज्वलंत समस्याएं प्रमुखता से रखीं। इस दौरान 2010-11 में दोहरी लाइन बिछाने के दौरान अधिग्रहित की गई जमीन के बदले नौकरी देने का पुराना मामला भी उठाया गया। पांच घंटे तक इंतजार कराए जाने पर रैयतों ने गहरी नाराजगी जताई। इस पर जीएम अनिल कुमार जैन ने खेद प्रकट किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की लापरवाही को इसकी वजह बताया। उन्होंने मांग पत्र पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अगली मुलाकात से पहले प्रतिनिधिमंडल सीधे मोबाइल पर संपर्क कर समय तय कर ले। बता दें कि इस रेल लाइन के लिए अब तक चार ग्रामसभाएं भी बेनतीजा रही हैं। ^रेलवे की पिछली परियोजनाओं में जमीन देने वाले रैयत आज भी नौकरी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। नई लाइन बिछाने से पहले रेलवे को पुरानी लंबित मांगों को पूरा करना होगा। ग्रामीणों की आवाजाही के लिए अंडरब्रिज बनाना होगा। मंगल सिंह बोबोंगा, पूर्व विधायक। डांगुवापोसी-जुरूली रेलखंड पर माल ढुलाई और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए रेलवे द्वारा तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए पदापहाड़, सारबिल, हुटूसुड, महुदी और पुरतीदिघिया समेत कई गांवों की जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है। हालांकि, पुरानी परियोजनाओं दोहरीकरण के विस्थापितों को अब तक नौकरी नहीं मिलने और स्थानीय स्तर पर अंडरब्रिज जैसी बुनियादी सुविधाएं न होने से ग्रामीणों में रोष है। यही वजह है कि अक्टूबर महीने में प्रस्तावित चार ग्राम सभाएं (21अक्तूबर को पदापहाड़, 22 अक्तूबर को महुदी शाली कुटी, 23अक्तूबर को सारबिल और 28 अक्टूबर को पुरतीदिघिया) स्थगित हो चुकी हैं, जिससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अटकी हुई है। ^मुझे प्रतिनिधिमंडल के आने की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से ग्रामीणों को इंतजार करना पड़ा, जिसका खेद है। मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। अनिल कुमार जैन, महाप्रबंधक (जीएम), दक्षिण-पूर्व रेलवे। { ट्रेन ठहराव : मालुका और डांगुवापोसी रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित हो। {आधारभूत संरचना : बड़ाजामदा में रेल ओवरब्रिज (आरओबी) तथा हुटूसुड और पदापहाड़ में अंडरब्रिज का निर्माण किया जाए। {लंबित नौकरी : वर्ष 2010-11 में पदापहाड़-बांसपानी दोहरीकरण में रामाय बालमुचू की 16 डिसमिल जमीन ली गई थी। मुआवजा मिल चुका है, अब 26 वर्ष के हो चुके रामाय को अविलंब नौकरी दी जाए। {बुनियादी विकास : रेल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो और स्टेशन के आसपास के बाजारों का सौंदर्यीकरण किया जाए।
Source link