भास्कर न्यूज |दुमका दुमका के शिकारीपाड़ा स्थित कल्याणपुर-बादलपाड़ा में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के एक्सप्लोरेशन को लेकर रविवार देर रात हुई हिंसक झड़प मामले में मंगलवार को अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें कई चिह्नित लोगों को नामजद और 400 से 500 अज्ञात महिला-पुरुषों को आरोपी बनाया गया है। घटना में सिनर्जी जियो टेक कंपनी के महाप्रबंधक सागर सिंह मीणा समेत करीब डेढ़ दर्जन पुलिस व आरएएफ जवान घायल हुए थे। सीओ ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है, हालांकि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कंपनी के महाप्रबंधक सागर सिंह मीणा ने आरोप लगाया है कि रविवार को ग्रामसभा के दौरान उन्हें और वाहन चालक अखिलेश पाल को बंधक बनाकर मारपीट व दुर्व्यवहार किया गया। उनसे एक लाख रुपये नकद और घड़ी छीन ली गई, जबकि मोबाइल फोन व वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जीएम और चालक को मुक्त कराने पहुंची पुलिस, आरएएफ व प्रशासनिक टीम पर भीड़ ने पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। गंभीर घायल जीएम सागर सिंह मीणा को सदर अस्पताल से रांची रिम्स रेफर किया गया है। वहीं, इलाजरत नौ जवानों में से आठ को देवघर भेजा गया है, जबकि चार्लेस मुर्मू का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। गांवों में सन्नाटा, बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक घटना के बाद कल्याणपुर और बादलपाड़ा गांव में सन्नाटा पसरा है और ग्रामीणों ने बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। बता दें कि हरियाणा पावर जेनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड को आवंटित कोल ब्लॉक के एक्सप्लोरेशन कार्य के लिए सिनर्जी जियो टेक की टीम कल्याणपुर पहुंची थी, जहां ग्रामसभा के विरोध में विवाद भड़क उठा था।
Source link