![]()
केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर रांची जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की सुस्ती सामने आई है। टीबी मरीजों की पहचान से लेकर उन्हें पोषण राशि देने और जांच की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तक जिला पिछड़ रहा है। निक्षय पोषण योजना के तहत जिले के 11,695 टीबी मरीजों में से अब तक सिर्फ 1,200 को ही पोषण राशि का भुगतान हुआ है। शेष 10,495 मरीज पिछले दो वर्षों से इस लाभ से वंचित हैं। वहीं, मरीजों को चिह्नित करने में रांची 18वें और पोषण राशि के भुगतान में 24वें स्थान पर है। जोश टीम के गठन में भी जिला 11वें स्थान पर है। टीबी की पहचान और जांच के लिए जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 18 डेजिग्नेटेड माइक्रोस्कोaपिक सेंटर (डीएमसी) बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर एक्स-रे मशीन, ट्रूनेट मशीन, माइक्रोस्कोप और जरूरी दवाओं की उपलब्धता होनी चाहिए। लेकिन स्थिति यह है कि 18 में से 12 केंद्रों पर एक्स-रे मशीन ही नहीं है। छह केंद्रों पर माइक्रोस्कोप खराब पड़ी हैं, जबकि आठ केंद्रों पर ट्रूनेट मशीन से जांच के लिए किट उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस बारे में जिला क्षय रोग पदाधिकारी सिद्धेश्वर बास्के से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार कॉल करने पर भी उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। 18 में से 12 डीएमसी में एक्स-रे मशीन नहीं
निक्षय पोषण योजना के तहत मरीज को मिलते हैं 6 हजार रु.
निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को इलाज के दौरान पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके तहत मरीजों को कुल 6 हजार रुपए मिलते हैं। लेकिन निक्षय पोर्टल में पिछले दो वर्षों से तकनीकी खराबी होने के कारण बड़ी संख्या में मरीजों को राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। 11,695 मरीजों में से केवल 1,200 को ही भुगतान हुआ है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के सामने इलाज के दौरान पोषण की जरूरत पूरी करने की चुनौती बनी हुई है।
8 प्रखंडों में नहीं बनी जोश टीम
टीबी मरीजों की पहचान के लिए 8 अक्टूबर से 19 नवंबर तक जिले के सभी 18 प्रखंडों में जोश टीम का गठन किया जाना था। लेकिन अब तक केवल 10 प्रखंडों में ही टीम बन पाई है। जोश टीम में कुल 11 सदस्य होते हैं। इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी के अलावा पांच माई भारत और पांच एनसीसी कैडेट शामिल होते हैं। इन टीमों को अभियान के तहत टीबी मरीजों की पहचान कर उनको जागरूक करना है।
3 वर्षों में लक्ष्य के आधे से भी कम जांच, हर साल औसतन 38%
टीबी मरीजों की जांच के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने में भी जिला लगातार पिछड़ रहा है। वर्ष 2024 में 1,12,540 लोगों की जांच का लक्ष्य था, लेकिन केवल 39,525 लोगों की जांच हुई। यह लक्ष्य का करीब 35 प्रतिशत था। वर्ष 2025 में 1,14,611 के लक्ष्य के मुकाबले 54,702 लोगों की जांच हुई, जो करीब 48 प्रतिशत है। वहीं, वर्ष 2026 में 1,16,620 लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक केवल 37,176 लोगों की जांच हो सकी है। यह लक्ष्य का करीब 32 प्रतिशत है।
9 मानकों से जिलों का आकलन
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कुल नौ प्रमुख मानकों पर जिलों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। इनमें मरीजों की पहचान, निक्षय पोषण योजना के तहत भुगतान और जोश टीम का गठन प्रमुख हैं। इन तीनों मानकों पर रांची की स्थिति संतोषजनक नहीं है। मरीजों की पहचान में 18वें और जोश टीम गठन में जिला 11वें स्थान पर है, जबकि पोषण राशि भुगतान में 24वें पर है।
Source link