Last Updated:
PM Modi News: पीएम मोदी ने असम की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ विपक्ष पर हमला बोला. पीएम मोदी ने बिना किसी नेता का नाम लिए विपक्षी नेताओं पर तंज कसा और कहा कि देश की उपलब्धियों से नाराज रहने वालों को भूपेन हजारिका के गीत सुनने चाहिए, शायद उन्हें सद्बुद्धि आ जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल विकसित भारत के संकल्प को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और देश को टुकड़ों में देखने की मानसिकता से बाहर नहीं निकले हैं.
पीएम मोदी भूपेन हजारिका के शताब्दी समारोह में शामिल हुए.
नई दिल्ली. भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 नवंबर को कला, संस्कृति और राष्ट्रवाद के मंच से विरोधियों पर जोरदार सियासी प्रहार किया. जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बिना किसी का नाम लिए विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि “नाराज फूफाओं को भूपेन हजारिका के गीत सुनने चाहिए, शायद उन्हें सद्बुद्धि आ जाए.” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को ‘विकसित भारत’ का संकल्प पसंद नहीं आ रहा है और वे आज भी देश को टुकड़ों में बांटकर देखने की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाए हैं.
उन्होंने कहा, “हम सभी भारतीय विकसित भारत का संकल्प लेकर निकले हैं. भाषा, परिवेश, खान-पान और जीवनशैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन हमारा संकल्प एक है और वह संकल्प विकसित भारत के निर्माण का है. हां, लेकिन ऐसी बातें उन्हें पसंद नहीं आतीं, जो विवादों में सत्ता के सपने देखते हैं, भारत को टुकड़ों में देखते हैं और देश की उपलब्धियों पर नाराज़ फूफा बने घूमते रहते हैं. मैं तो कहूंगा कि ऐसे नाराज़ फूफाओं को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए, ताकि उन्हें शायद सद्बुद्धि आए.”
‘असम की संतान और गुजरात के दामाद थे भूपेन दा’
गुवाहाटी से शुरू हुए इस शताब्दी समारोह के समापन अवसर पर पीएम मोदी ने भूपेन हजारिका को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की सबसे सुंदर मिसाल बताया. भावुक अंदाज में उनके पारिवारिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भूपेन दा असम की महान संतान होने के साथ-साथ गुजरात के दामाद भी थे, और पूरे राष्ट्र ने इस महान सपूत को नमन किया है. उन्होंने गुवाहाटी के उस ऐतिहासिक पल को भी याद किया जब 11 हजार कलाकारों ने एक साथ बिहू नृत्य प्रस्तुत कर पूरी दुनिया को असम की सांस्कृतिक शक्ति से परिचित कराया था.
उषा मंगेशकर को सम्मान और लता दीदी का जिक्र
असम की हिमंता बिस्वा सरमा सरकार द्वारा भूपेन हजारिका की स्मृति में शुरू किए गए नए पुरस्कार की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस सम्मान की शुरुआत आदरणीय उषा मंगेशकर जी के साथ होना संगीत जगत और भूपेन दा की विरासत का सच्चा सम्मान है. उन्होंने कहा कि असम और देश की कई पीढ़ियां भूपेन दा और उषा दीदी के गीतों को सुनकर बड़ी हुई हैं. लता मंगेशकर और आशा भोसले को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज लता दीदी और आशा दीदी जहां भी होंगी, इस आयोजन पर अपना भरपूर आशीर्वाद बरसा रही होंगी.
1962 के युद्ध से आज के स्टार्टअप और अंतरिक्ष मिशन तक का सफर
भूपेन हजारिका को एक सच्चा राष्ट्रवादी और देशभक्त बताते हुए प्रधानमंत्री ने 1962 के युद्ध के दिनों को याद किया, जब हजारिका ने अपने गीतों के जरिए देश के युवाओं में जोश भरा था और एक नए असम व नए भारत का संकल्प लिया था. पीएम मोदी ने कहा कि आज देश की युवा शक्ति उसी संकल्प को आगे बढ़ा रही है—युवा आज नए-नए स्टार्टअप खड़े कर रहे हैं और अंतरिक्ष में रॉकेट भेजकर भारत का परचम लहरा रहे हैं. पीएम मोदी ने आगे कहा, “भूपेन दा गाते थे संगीत के सुरों को आत्मा देने के लिए. वे लिखते थे, शब्दों को नया जीवन देने के लिए. वे संगीत रचते थे, समाज को जोड़ने के लिए. भूपेन दा ने केवल गीत नहीं लिखे… उन्होंने अपने गीतों में एक युग लिखा.”
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…