![]()
धनबाद जिले के बाघमारा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में ऑक्सीजन की कमी के कारण एक नवजात की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, बाघमारा CHC में एक महिला की सामान्य प्रसव के जरिए डिलीवरी कराई गई थी। जन्म के तुरंत बाद नवजात को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिससे नवजात की हालत लगातार बिगड़ती गई। एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने नवजात को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें 108 एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई। मजबूरी में वे अपने निजी वाहन से बच्चे को लेकर दूसरे अस्पताल के लिए निकले। हालांकि, रास्ते में ही नवजात ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजन बाघमारा CHC पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर ऑक्सीजन और एम्बुलेंस की सुविधा मिल जाती, तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, CHC प्रभारी डॉ. श्रीनाथ ने स्वीकार किया कि उस समय अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एक स्वास्थ्य सहिया ने भी अव्यवस्था से नाराज होकर इस्तीफा देने की बात कही है। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
Source link