Last Updated:
PF Withdrawal : पीएफ खाते में तो सभी नौकरीपेशा लोग निवेश करते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि इस खाते से महीने में कितनी बार पैसे निकाले जा सकते हैं. अगर आपने एक बार क्लेम कर दिया तो दूसरी बार पैसे निकालने के बीच में कितना अंतर होना जरूरी है.

पीएफ से पैसे निकालने के लिए हर बार आपको कारण बताना जरूरी होता है.
नई दिल्ली. कर्मचारी भविष्य निधि यानी पीएफ खाते में आपकी सैलरी से हर महीने मोटी रकम निवेश की जाती है. किसी इमरजेंसी में आप यहां से पैसे निकाल भी सकते हैं. इन खातों की देखरेख करने वाली संस्था ईपीएफओ ने अब पैसे निकालने की प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया है. साथ ही डॉक्यूमेंट की जरूरतों को भी कम कर दिया है. प्रोसेसिंग में लगने वाला समय भी अब बस कुछ ही दिनों का रह गया है, जो पहले 1 से 2 महीने तक जाता था. लेकिन, सवाल ये उठता है कि आखिर आप अपने पीएफ खाते से एक महीने में कितनी बार पैसा निकाल सकते हैं. दो बार निकासी के लिए कितना टाइम पीरियड होना जरूरी है.
सबसे पहले आपको यह जवाब देते हैं कि ईपीएफ खाते से एक महीने में कितनी बार पैसे निकाल सकते हैं. दरअसल, ईपीएफओ ने इसके लिए कोई लिमिट नहीं तय की है. आप महीने में जितनी बार चाहें पैसे निकालने के लिए क्लेम कर सकते हैं. लेकिन, शर्त ये है कि पीएफ खाते से पैसे निकालने के लिए अलग-अलग कंडीशन है. यानी आपको पीएफ खाते में क्लेम करते समय इसका कारण भी बताना होगा. मसलन, आप बीमारी के लिए पैसे निकाल रहे हैं या फिर मकान खरीदने अथवा बच्चों की शादी या पढ़ाई के लिए. इन सभी कारणों के हिसाब से ही पीएफ खाते से पैसे निकालने की अनुमति दी जाती है.
लिमिट से ज्यादा उद्देश्य बताना जरूरी
पीएफ खाते से पैसे निकालने के लिए एक महीने में निकासी की कोई लिमिट तो नहीं है, लेकिन हर बार आपको उद्देश्य जरूर बताना होगा. बस इसी उद्देश्य की वजह से ही पीएफ निकासी पर लिमिट अपने आप तय हो जाती है. इसके लिए ईपीएफओ ने अपनी तरफ से कोई नियम नहीं बनाया है. लेकिन, एक बात का ध्यान जरूर रखना चाहिए कि अगर महीने में एक से ज्यादा क्लेम किया गया तो इनमें से सभी की प्रोसेसिंग में देरी हो सकती है, क्योंकि एक बार के क्लेम के प्रोसेस में 3 से 20 दिन का समय लगता है.
किस उद्देश्य के लिए कितनी बार निकासी
- Education : अगर आप पढ़ाई के लिए पीएफ खाते से पैसे निकालना चाहते हैं तो लाइफटाइम में 10 बार ही निकासी की जा सकती है.
- Marriage : शादी के लिए पीएफ खाते से लाइफटाइम 5 बार ही पैसे निकाले जा सकते हैं.
- Medical : इलाज के लिए पीएफ खाते से जितनी बार चाहें आप निकासी कर सकते हैं, चाहें तो एक महीने में ही कई क्लेम कर सकते हैं लेकिन आपको इलाज के डॉक्यूमेंट लगाने पड़ सकते हैं.
- Housing : अगर आप घर बनाने या रेनोवेशन के लिए पीएफ से पैसे निकालना चाहते हैं तो लाइफटाइम 1 बार ही निकासी की जा सकती है.
नौकरी छूटने पर कैसे निकालें पैसा
अगर किसी की नौकरी छूट जाती है तो उसके 1 महीने बाद आप अपने पीएफ खाते की कुल रकम का 75 फीसदी निकाल सकते हैं, जबकि दूसरे महीने में 100 फीसदी निकासी की जा सकती है. अगर आपकी सर्विस 5 साल से कम है तो इस निकासी पर टीडीएस भी देना होगा. हालांकि, यह ध्यान जरूर रखें कि किसी भी तरह की निकासी के लिए आपके पास कम से कम 12 महीने की नौकरी जरूर होनी चाहिए, तभी आप आंशिक निकासी कर सकते हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें