झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया में रहने वाले बिजली मिस्त्री धर्म प्रकाश ने अपनी तकनीक और मेहनत से साधारण साइकिल को इलेक्ट्रिक साइकिल में बदल दिया है. पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच उनका यह जुगाड़ मॉडल लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया है.
धर्म प्रकाश सिर्फ दसवीं तक पढ़े हैं, लेकिन वर्षों से बिजली उपकरणों की मरम्मत का काम करते आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पिंकी कुमारी रोज ट्यूशन पढ़ने के लिए करीब 10 किलोमीटर का सफर तय करती थी. पेट्रोल वाहन का खर्च ज्यादा होने लगा, जिसके बाद उन्होंने कम खर्च में नया उपाय निकालने की सोची.करीब एक हफ्ते की मेहनत के बाद उन्होंने साधारण साइकिल को इलेक्ट्रिक साइकिल में बदल दिया. इसे बनाने में लगभग 8 हजार रुपये खर्च हुए. साइकिल में 24 वोल्ट की डीसी मोटर, लिथियम बैटरी, हॉर्न, एक्सीलेटर और लाइट जैसी सुविधाएं दी गई हैं.धर्म प्रकाश के अनुसार बैटरी सिर्फ दो घंटे में फुल चार्ज हो जाती है और एक बार चार्ज करने पर साइकिल करीब 30 किलोमीटर तक चलती है. जरूरत पड़ने पर इसे सामान्य साइकिल की तरह पैडल मारकर भी चलाया जा सकता है.उनकी बेटी पिंकी ने बताया कि पहले ट्यूशन जाने में आधा घंटा लगता था, लेकिन अब 15 मिनट से भी कम समय में सफर पूरा हो जाता है.
