Last Updated:
तमिलनाडु की सियासत में ‘थलापति’ विजय का राजतिलक होते ही पुरानी यादों के पन्ने पलटने शुरू हो गए हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद ने साल 2006 की एक दुर्लभ तस्वीर साझा कर सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी है. इस तस्वीर में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ युवा विजय नजर आ रहे हैं. शकील अहमद ने इस ‘थ्रोबैक’ फोटो के जरिए न सिर्फ विजय के कद को याद दिलाया, बल्कि उस दिलचस्प वाकये का भी जिक्र किया जब उन्हें ‘तमिल फिल्मों का शाहरुख खान’ कहा गया था. पढ़िए, शकील अहमद का पूरा लेख,

शकील अहमद ने 20 साल पुरानी यह तस्वीर शेयर की है.
पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद ने 20 साल पुरानी एक तस्वीर शेयर की है. इसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ आज के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय नजर आ रहे हैं. शकील अहमद ने इस फोटो के जरिए याद दिलाया कि विजय और कांग्रेस के रिश्ते कितने पुराने और सहज रहे हैं. ऐसे समय में जब विजय ने सीएम की कुर्सी संभाली है, यह तस्वीर महज यादों का पिटारा नहीं, बल्कि नई सियासी केमिस्ट्री की ओर एक बड़ा इशारा भी मानी जा रही है.
शायद इसे ही विधि का विधान कहते हैं. इसे राजनीति की अनिश्चितता भी कहा जा सकता है.
यह तस्वीर 12 जनवरी 2006 की है, जब भारत सरकार ने दक्षिण भारत के मशहूर त्योहार पोंगल पर एक डाक टिकट जारी किया था.
इस तस्वीर में प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह , दूर संचार और सूचना प्रद्योगिकी के कैबिनेट मंत्री थिरू दयानिधि मारन और मेरे साथ तमिल भाषा की फ़िल्मों के मशहूर कलाकार और आज के तमिलनाडु के नए नए मुख्यमंत्री बने विजय भी देखे जा सकते हैं.
डाक टिकट जारी तो प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी ने किया था और विजय ने प्रधानमंत्री से उसकी पहली कॉपी हासिल की थी. दयानिधि मारन कैबिनेट मंत्री और मैं राज्य मंत्री की हैसियत से इस समारोह में शामिल हुए थे.
जब समारोह में विजय को बुलाने पर चर्चा हो रही थी तो तमिल या दक्षिण भारतीय फ़िल्मों की अपनी कम जानकारी के कारण मैंने दयानिधि मारन से पूछा था कि विजय कौन हैं?
उनका जवाब था कि तमिल फिल्मों के शाहरुख़ खान.
करुणानिधि और निवर्तमान मुख्यमंत्री स्टालिन साहेब के परिवार से जुड़े दयानिधि मारन, डीएमके पार्टी के खुद भी एक बड़े नेता हैं और डीएमके दो तीन सबसे बड़े नेताओं में से एक स्वर्गीय मोरासली मारन के सुपुत्र हैं.
विजय को उस समारोह में बुलाने का फैसला उनका ही था.
यह भी एक संयोग ही है कि आज उन्हीं दयानिधि मारन की पार्टी डीएमके को हराकर विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने हैं.
तमिल फिल्मों से जुड़े कई लोग तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन चुके हैं. इसमें पहला नाम अन्नादुरई, के करुणानिधि, एम जी रामचंद्रन, जे जयललिता जी और अब विजय.
अन्ना दुराई और करुणानिधि लेखक के रूप में फ़िल्मों से जुड़े थे जबकि एम जी रामचन्दरण और जयललिता फिल्मी कलाकार रहे थे.
अब फ़िल्मी कलाकार मुख्यमंत्रियों की सूची में विजय का भी नाम जुड़ गया है.
विजय का पूरा नाम जोसेफ़ विजय चंद्रशेखर है. तमिल नाडु जैसे महत्वपूर्ण राज्य के मुखमंत्री बनने पर उन्हें ढेरों बधाई और शुभकामनायें.
About the Author
Mr. Gyanendra Kumar Mishra is associated with hindi.news18.com. working on home page. He has 20 yrs of rich experience in journalism. He Started his career with Amar Ujala then worked for ‘Hindustan Times Group…और पढ़ें