भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद मनाने की अपील की गई




भास्कर न्यूज|भरनो आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को भरनो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अरुण कुमार सिंह, प्रमुख पारस नाथ उरांव व थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में बकरीद पर्व के दौरान होने वाली विशेष नमाज, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था व कुर्बानी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द व शांति के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान और इंसानियत का पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग और आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों को साझा करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। बीडीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही क्षेत्र में भाईचारा कायम रहता है। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। मौके पर सीआई शाहिद अनवर, सब इंस्पेक्टर मंटू चौधरी, आशीष केशरी, निर्मल प्रसाद, एएसआइ अमोद कुमार, रामजी बैठा, प्रदीप यादव, अजय गुप्ता, हरिशंकर शाही, चंद्रमोहन महतो, विनय पांडा, सकीम अंसारी, नबी फरास, इनायत अली, हकीम खान, इदरीश खान, अभिषेक गुप्ता, मनोहर लाल, शंभू केशरी, मीर आरिफ, बंधना उरांव, शनि उरांव सहित शांति समिति के सदस्य व कई प्रबुद्धजन उपस्थित थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top