एजुकेशन रिपोर्टर| रांची रांची विश्वविद्यालय ने आखिरकार स्नातक सत्र 2026-30 में एडमिशन का शेड्यूल जारी कर दिया। पर सबसे ज्यादा सीटों वाले सरकारी कॉलेज अब भी दाखिले की प्रक्रिया से बाहर हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम में सिर्फ एफिलिएटेड और माइनॉरिटी कॉलेजों में नामांकन की अनुमति दी गई है। अंगीभूत कॉलेजों के हजारों छात्रों का भविष्य फिलहाल क्लस्टर सिस्टम की फाइलों में अटका हुआ है। आरयू प्रशासन ने कहा है कि चांसलर पोर्टल के माध्यम से 13 जून तक अभ्यर्थी आवेदन जमा कर सकते हैं। जबकि सेलेक्शन लिस्ट 18 जून को जारी की जाएगी। वहीं डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन 19 से 30 जून तक होगा। लेकिन सरकारी कॉलेजों के लिए कोई तिथि तय नहीं होने से छात्र असमंजस में हैं। दरअसल, राज्य सरकार अंगीभूत कॉलेजों में क्लस्टर सिस्टम लागू करने जा रही है। इसी वजह से विषयवार एडमिशन सीटों का निर्धारण का काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। यही कारण है कि आरयू द्वारा पहले जारी किया गया एडमिशन शेड्यूल भी महज एक घंटे के भीतर वापस लेना पड़ा था। बताते चलें कि क्लस्टर सिस्टम को लेकर पूरे राज्य में विरोध बढ़ने के बाद सरकार ने अधिकारियों व प्रिंसिपल से बात कर सुझाव मांगा था। इसके बाद मुख्य विषयों के साथ अन्य विषयों की पढ़ाई जारी रखने पर सहमति बनी थी, जिसके आधार पर सीटों का नया आवंटन किया जा रहा है।
Source link