भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

जमशेदपुरः दलमा सैंक्चुअरी में नन्हा हाथी का कमाल, फुटबॉल-स्विमिंग से जीत रहा...


Last Updated:

जमशेदपुर के दलमा सैंक्चुअरी में नन्हा हाथी ‘बादल’ सबका पसंदीदा बन गया है. वह अपनी नटखट हरकतों से पर्यटकों का दिल जीत रहा है. उसे फुटबॉल खेलना और स्विमिंग करना बेहद पसंद है. वह छोटे बच्चे की तरह निप्पल वाली बोतल से दूध पीता है. उसका दोस्ताना स्वभाव बच्चों को बहुत लुभा रहा है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुरः जिस तरह इंसानों के बच्चे मासूम, शरारती और नटखट होते हैं, ठीक उसी तरह जानवरों के बच्चे भी अपनी प्यारी हरकतों से लोगों का दिल जीत लेते हैं. इन दिनों जमशेदपुर के दलमा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी में 6 महीने का नन्हा हाथी ‘बादल’ अपनी मासूम अदाओं और शरारती अंदाज से हर किसी को आकर्षित कर रहा है. उसकी हरकतें देखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं.

चाईबासा के जंगलों से रेस्क्यू
दरअसल, बादल को चाईबासा के जंगलों से रेस्क्यू किया गया था. बताया जाता है कि वह अपने झुंड से बिछड़ गया था, जिसके बाद फॉरेस्ट विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित बचाकर दलमा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी लाया. यहां उसकी देखभाल की जिम्मेदारी केयरटेकर रवि सिंह को दी गई. तभी से रवि सिंह उसकी देखरेख एक छोटे बच्चे की तरह कर रहे हैं.

बादल की दिनचर्या भी किसी नन्हे बच्चे से कम नहीं है. सुबह उठते ही वह निप्पल वाली बोतल से दूध पीता है. इसके साथ उसे सेरेलक भी खिलाया जाता है. अब धीरे-धीरे उसकी उम्र बढ़ रही है, इसलिए उसे मकई की कली, केला और दूसरे फल भी खाने के लिए दिए जा रहे हैं. खाने के समय उसकी मस्ती और उत्साह देखने लायक होता है.

हाथी के लिए बना स्विमिंग पूल 
गर्मी के मौसम को देखते हुए सैंक्चुअरी में उसके लिए खास तरह का छोटा स्विमिंग पूल भी बनाया गया है. बादल को पानी में खेलना बेहद पसंद है. वह घंटों पानी में नहाते हुए मस्ती करता है. इतना ही नहीं, उसे फुटबॉल से खेलना भी काफी पसंद है. जब वह अपनी सूंड से फुटबॉल को इधर-उधर धकेलता है, तो वहां मौजूद लोग उसकी हरकतों को देखकर मुस्कुराने लगते हैं.

छोटा कद और बेहद फ्रेंडली स्वभाव होने के कारण बच्चे भी उसके काफी करीब चले जाते हैं. बादल भी बच्चों के साथ घुलमिल जाता है और किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता. उसकी मासूमियत और चंचलता लोगों को बेहद पसंद आ रही है.

पर्यटकों में ‘बादल’ को देखने की ललक
आज यह नन्हा हाथी पूरे जमशेदपुर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. दलमा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी आने वाले पर्यटक सबसे पहले बादल को देखने की इच्छा रखते हैं. अपनी हर छोटी-बड़ी अदा से वह लोगों के दिलों में खास जगह बना चुका है. बादल सिर्फ एक हाथी का बच्चा नहीं, बल्कि अब पूरे शहर का प्यारा नन्हा मेहमान बन गया है.

About the Author

Prashun Singh

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top