Last Updated:
Unitech Home Buyers Update : नोएडा के एक जाने-माने बिल्डर यूनिटेक के खिलाफ ईडी का शिकंजा कसता जा रहा है. कंपनी ने मकान खरीदारों के पैसों का दुरुपयोग किया था, जिसके बाद 76 मामले दर्ज किए गए. ईडी ने ताजा कार्रवाई में कंपनी की 8 हजार करोड़ से ज्यादा कीमत वाली जमीन को जब्त कर लिया है. अब इस जमीन को बेचकर मकान खरीदारों को पैसा लौटाने की तैयारी है.
यूनिटेक ने मकान खरीदारों के हजारों करोड़ रुपये दूसरे कामों में खर्च कर दिए.
नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर में घर खरीदने वालों की सबसे बड़ी मुसीबत ये है कि बिल्डर उन्हें टाइम पर पजेशन नहीं देते. कई मामलों में तो उनका पैसा दूसरे कामों में लगा दिया जाता है और प्रोजेक्ट अटकने से मकान खरीदारों का पैसा फंस जाता है. ऐसे ही एक बड़े बिल्डर यूनिटेक पर कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय ने उसकी 8 हजार करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली. ईडी ने कहा है कि अब इन संपत्तियों को बेचकर मकान खरीदारों का पैसा लौटाया जाएगा. इससे नोएडा स्थित इस बिल्डर के प्रोजेक्ट में पैसे लगाने वालों को बड़ी राहत मिली है.
ईडी ने यूनिटेक को बड़ा झटका देते हुए नोएडा सेक्टर 96, 97, 98 में स्थित उसकी 348 एकड़ जमीन को अटैच कर दिया है. इस जमीन की बाजार कीमत 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है. यह जमीन गोल्फ कोर्स के लिए थी और कंपनी व उसके प्रमोटर्स के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अटैच की गई है. ईडी ने साफ कहा है कि इस जमीन को बेचकर जो भी पैसा मिलेगा, उसे यूनिटेक के प्रोजेक्ट में पैसे लगाने वाले खरीदारों को लौटाया जाएगा.
पहले भी जब्त की है संपत्ति
यूनिटेक के प्रमोटर्स पर आरोप है कि उन्होंने घर खरीदारों से जुटाए गए 16,000 करोड़ रुपये में से 7,800 करोड़ रुपये से ज्यादा की मनी लॉन्ड्रिंग कर डाली है. जांच एजेंसी इससे पहले भी उनकी 2,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति अटैच कर चुकी है. ताजा अटैचमेंट के बाद ED जब्त संपत्तियों को बेचकर पीड़ित घर खरीदारों को उनका पैसा लौटाएगी. ईडी ने अब तक करीब 10,230 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है, जो इस मामले में बड़ी सफलता मानी जा रही है.
कहां स्थित है यह जमीन
ईडी की ओर से अटैच की गई जमीन यूनिटेक गोल्फ एंड कंट्री क्लब (UGCC) प्रोजेक्ट से जुड़ी है, जो नोएडा के सेक्टर 96, 97 और 98 में स्थित है. ED के मुताबिक, इस जमीन की मौजूदा बाजार कीमत 8,115 करोड़ रुपये है, जबकि कागजों पर इसकी रजिस्टर्ड कीमत 634 करोड़ रुपये है. ED ने बताया कि अटैच की गई संपत्तियों में 347.83 एकड़ जमीन पर लीजहोल्ड राइट्स और इक्विटी शेयरहोल्डिंग्स शामिल हैं, जो Sungrace Products (India) Pvt Ltd (Uflex Group) और CIG Infrastructure Pvt Ltd के जरिए कंसोर्टियम/स्पेशल पर्पस कंपनी स्ट्रक्चर में रखी गई हैं.
कंपनी के खिलाफ दर्ज हैं 76 मामले
दिल्ली पुलिस और CBI ने यूनिटेक लिमिटेड, उसके प्रमोटर्स/डायरेक्टर्स और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और घर खरीदारों के पैसे की हेराफेरी के मामले में 76 से ज्यादा FIR दर्ज की हैं. एजेंसी ने बताया कि जांच में पता चला है कि यूनिटेक लिमिटेड ने घर खरीदारों, निवेशकों और वित्तीय संस्थाओं से मिले कुल 16,076 करोड़ रुपये में से 7,794 करोड़ रुपये गैर-जरूरी कामों में खर्च किए हैं. ED ने आगे दावा किया कि Uflex ग्रुप की Sungrace Products (India) Pvt Ltd और CIG Infrastructure Pvt Ltd ने UGCC प्रोजेक्ट में बिना किसी वित्तीय योगदान के काफी आर्थिक लाभ हासिल किया है और अभी भी उसे बनाए हुए हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें