Last Updated:
All-in-One machine for farmers: मानसून आने से पहले जिले के किसान अपने खेतों की तैयारी में पूरी मेहनत के साथ जुट गए हैं. समय पर खेत तैयार कर खेती शुरू करने को लेकर गांवों में हलचल बढ़ गई है. इसी बीच किसानों की मेहनत और खर्च दोनों को कम करने के लिए कोडरमा बाजार में एक ऐसी आधुनिक मशीन आई है. जो अकेले पांच अलग-अलग काम करने में सक्षम है. इस मशीन के आने से किसानों को अब अलग-अलग उपकरण खरीदने या अधिक मजदूर लगाने की जरूरत काफी हद तक कम हो सकती है.
झुमरी तिलैया शहर के अग्रसेन भवन गली स्थित गुरुनानक एग्रो के संचालक मनजीत सिंह ने विशेष बातचीत में बताया कि उनके प्रतिष्ठान पर किसानों के लिए 7.5 एचपी का आधुनिक पावर वीडर उपलब्ध कराया जा रहा है. यह मशीन खेती से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को बेहद आसानी से कर सकती है. उन्होंने कहा कि पहले किसानों को जुताई, कटाई, सिंचाई और अन्य कार्यों के लिए अलग-अलग मशीनों का सहारा लेना पड़ता था. लेकिन अब एक ही मशीन से कई काम किए जा सकते हैं.
उन्होंने बताया कि इस पावर वीडर का मुख्य उपयोग खेत की जुताई और खेती से पहले जमीन को तैयार करने में किया जाता है. खास बात यह है कि यह मशीन कम ईंधन में बेहतर प्रदर्शन करती है. उन्होंने कहा कि मात्र 1 लीटर पेट्रोल में यह मशीन लगभग सवा घंटा तक आराम से चलती है.
जिससे किसानों के पेट्रोल खर्च में भी काफी बचत होती है. उन्होंने बताया कि इस मशीन में पीटीओ सॉफ्ट लगाकर इसे धान कटाई के लिए रीपर मशीन के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे किसानों को धान की कटाई के समय मजदूरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और कम समय में अधिक काम हो सकेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके अलावा इस मशीन में अल्टरनेटर जोड़ने के बाद यह जनरेटर का भी काम करती है. ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों में जहां बिजली की समस्या अक्सर बनी रहती है. वहां यह मशीन काफी उपयोगी साबित हो सकती है. किसान जरूरत पड़ने पर इससे बिजली उत्पादन कर छोटे उपकरण चला सकते हैं.
उन्होंने बताया कि इस मशीन की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसमें पानी पंप सेट भी लगाया जा सकता है. इससे किसानों को अलग से पंप सेट खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी. सिंचाई के लिए यही मशीन काफी मददगार साबित होगी.
उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं सॉफ्ट लगाकर इसे धान झाड़ने वाली थ्रेसर मशीन में भी बदला जा सकता है. यानी एक ही मशीन जुताई, कटाई, सिंचाई, बिजली उत्पादन और धान झाड़ने जैसे पांच बड़े काम करने में सक्षम है. इससे किसानों का समय, पैसा और मेहनत तीनों की बचत होगी. उन्होंने बताया कि इस मल्टीटास्किंग मशीन की कीमत लगभग 40 हजार रुपये है.
किसानों की जरूरत और बजट को देखते हुए यह मशीन काफी उपयोगी साबित हो रही है. मानसून से पहले जिले के कई किसान इस मशीन के प्रति रुचि दिखा रहे हैं. उन्होंने बताया कि पावर वीडर मशीन अलग-अलग कंपनी और अलग-अलग पावर रेंज में भी उपलब्ध है. जिसमें सबसे कम 7 एचपी की मशीन 32 हजार और 10 एचपी 74 हजार, 12 एचपी की मशीन 82 हजार तक की रेंज में उपलब्ध है.