Today’s Weather News Live: देशभर के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू के थपेड़े चल रहे हैं. लोग अब इसी इंतजार में है कि आखिर सूरज के फैलाए इस संकटकाल से कब राहत मिलेगा और कब बारिश होगी. झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे लोगों ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ते हुए अंडमान-निकोबार समेत बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है. हालांकि अब भी उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 19 मई को देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई इलाकों में हीटवेव का प्रकोप जारी रहेगा.
केरल में 26 मई तक एंट्री मारेगा मानसून
केरल में मानसून के 26 मई के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है. हालांकि इसमें चार दिन आगे-पीछे का अंतर हो सकता है. मानसून की इस तेज प्रगति से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं.
दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
आईएमडी ने 19 मई को केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. तटीय कर्नाटक और केरल में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर हवाओं की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. कर्नाटक के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने मछुआरों को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी है.
उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी
उत्तर प्रदेश के बांदा में रविवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है.
दिल्ली में गर्म हवाओं से बढ़ेगी परेशानी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. आईएमडी ने दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 18 से 24 मई तक हीटवेव की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है. इस दौरान दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.
यूपी में लू का डबल अटैक
उत्तर प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर पहुंचती दिख रही है. पश्चिम और पूर्वी यूपी के कई जिलों में 19 मई को गंभीर लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. बांदा, प्रयागराज, झांसी, कानपुर और वाराणसी जैसे इलाकों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है.
मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिम यूपी में 19 से 24 मई तक भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं रात में भी गर्म हवाओं का असर रहेगा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिलेगी. कई इलाकों में ‘वार्म नाइट’ की चेतावनी भी जारी की गई है.
दूसरी ओर उत्तराखंड में मौसम धीरे-धीरे बदलने लगेगा. 20 मई से पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. देहरादून, नैनीताल और चमोली समेत कई जिलों में बादल छा सकते हैं. इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है.
बिहार-झारखंड में कहीं आंधी-तूफान, तो कहीं लू की मार
बिहार में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिलेगा. एक तरफ कई जिलों में हीटवेव का असर रहेगा, तो दूसरी ओर आंधी और तेज हवाओं का भी खतरा बना हुआ है. आईएमडी ने 19 से 21 मई तक बिहार में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है.
पटना, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में अचानक मौसम बदल सकता है. लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न रहने की सलाह दी गई है.
झारखंड में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. रांची, बोकारो, धनबाद और जमशेदपुर में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कई दिनों तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है. त्रिपुरा और असम के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है.
अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.
आईएमडी ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप और दक्षिण अरब सागर में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में भी समुद्र उग्र रहने की संभावना है. मछुआरों को 22 मई तक कई समुद्री इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है.
मौसम पूर्वानुमान की खास बातें…
मानसून कब तक दस्तक दे सकता है?
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 26 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। इसमें 4 दिन आगे-पीछे का अंतर संभव है.
किन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है?
केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है.
कहां आंधी-तूफान और तेज हवाओं का खतरा है?
बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
किन राज्यों में लू का सबसे ज्यादा असर रहेगा?
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, विदर्भ और तेलंगाना में हीटवेव का असर बना रहेगा.
कहां गंभीर लू की चेतावनी है?
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गंभीर लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है.