अगर आप भी अमरनाथ या माता वैष्णो देवी की यात्रा पर निकलने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने दोनों जगहों पर यात्रा पर ब्रेक लगाने का फैसला लिया है. दरअसल मौसम विभाग ने जम्मू, उधमपुर, कठुआ, राजौरी और रियासी में रात ढाई बजे से लेकर सुबह 8:30 बजे तक भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी है. इसे देखते हुए प्रशासन ने फैसला लिया है कि रविवार 19 जुलाई को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए एक भी नया जत्था बालटाल या पहलगाम बेस कैंप की ओर रवाना नहीं किया जाएगा. वहीं माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने कहा है कि आईएमडी की ओर से खराब मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद वैष्णो देवी यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है.
जम्मू संभाग के आयुक्त रमेश कुमार ने बताया कि मौसम विभाग ने अमरनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. पहाड़ों में तेज बारिश, भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है.
‘जहां हैं, वहीं रहें श्रद्धालु’
प्रशासन ने साफ किया है कि 19 जुलाई को जम्मू से कश्मीर की ओर किसी भी नए श्रद्धालु काफिले को अनुमति नहीं मिलेगी. जम्मू, उधमपुर और रामबन में ठहरे श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने निर्धारित आवास केंद्रों में ही रहें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. प्रशासन की ओर से अगला निर्णय मौसम की समीक्षा के बाद लिया जाएगा. अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालु केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें और यात्रा शुरू करने की जल्दबाजी न करें.
पहाड़ों पर बारिश ने बढ़ाई चिंता
इसी वजह से प्रशासन ने कोई जोखिम नहीं लेने का फैसला किया है. अधिकारियों का कहना है कि यात्रा को रोकने का उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. हालांकि, यात्रा पूरी तरह बंद नहीं की गई है. जो श्रद्धालु पहले से कश्मीर में मौजूद हैं, उनके लिए स्थानीय प्रशासन मौसम और सुरक्षा हालात के अनुसार अलग से व्यवस्था कर रहा है.
3.45 लाख श्रद्धालु कर चुके बाबा बर्फानी के दर्शन
शुक्रवार को 16वें जत्थे में 4640 श्रद्धालु 171 वाहनों के काफिले के साथ जम्मू से रवाना हुए थे. इनमें 1,626 श्रद्धालु बालटाल मार्ग और 3,014 श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग से यात्रा पर निकले. वहीं 1,09,128 श्रद्धालु जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हो चुके हैं.
पूरी यात्रा बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच संचालित की जा रही है. जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, बालटाल और पहलगाम मार्ग पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे की यात्रा को लेकर नया फैसला लिया जाएगा.