Last Updated:
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का एक वीडियो चर्चा में है. दरअसल, वीडियो में आयोजक भारी भीड़ के बीच पत्तलों का गट्ठर हवा में उछालते दिख रहे हैं. लोगों के बीच एक पत्तल पाने की होड़ नजर आई. इस दौरान धक्का-मुक्की तक शुरू हो गई. शादी में उमड़ी भारी भीड़ के बीच हुई इस घटना ने समारोह की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा छेड़ दी है.
अनंत सिंह की बेटी की शादी का स्थानीय लोगों में काफी क्रेज है.
मोकामा के एमएलए अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का एक वीडियो इस वक्त चर्चा में है. इस वीडियो में शादी समारोह के दौरान विशाल पंडाल में भीड़ नजर आ रही है. इसी बीच आयोजकों की तरफ से पत्तल का एक गट्ठर हवा में उछाला जाता है. इसके बाद लोगों में पत्तल के लिए छीना-झपटी शुरू हो जाती है. पत्तल हवा में नीचे गिरने लगे तो कई लोग उन्हें लपकने के लिए आगे बढ़े. शादी में उमड़ी भीड़ के बीच कुछ लोग पत्तलों को लेकर हुई इस खींचतान का वीडियो बनाते दिखे. नदवां गांव और आसपास के इलाकों में भीषण ट्रैफिक जाम लग गया. सुबह से ही लाखों मेहमानों और समर्थकों के पहुंचने से सड़कें पूरी तरह जाम हो गईं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ वीवीआईपी मेहमानों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हुई. समारोह में शामिल होने के लिए बिहार के अलग-अलग हिस्सों और अन्य राज्यों से लोग सड़क और हेलीकॉप्टर के जरिए पहुंच रहे हैं.
जाम में फंसे विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार
खबरों के मुताबिक, आयोजकों ने करीब चार लाख मेहमानों के आने का अनुमान लगाकर तैयारियां की थीं, लेकिन नदवां गांव में उससे कहीं अधिक भीड़ पहुंच गई. हालात ऐसे हो गए कि शादी समारोह में शिरकत करने आ रहे बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार का काफिला भी कई घंटों तक भारी ट्रैफिक जाम में फंसा रहा. हजारों लोगों की लगातार आवाजाही के कारण स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मेहमानों के लिए यातायात व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बन गई.
हवा में उछाले पत्तल, पकड़ने के लिए मची होड़
वीडियो में एक बड़ा पंडाल दिखाई दे रहा है. उसके भीतर लोगों की काफी भीड़ मौजूद है. इसी दौरान पत्तलों का गट्ठर हवा में उछाला जाता है. पत्तल नीचे गिरते ही लोग उन्हें पकड़ने के लिए आगे बढ़ने लगते हैं. इस दौरान कई लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी दिखाई देती है. कुछ लोग पत्तल अपनी तरफ खींचने की कोशिश करते हैं. वहीं, आसपास खड़े लोग मोबाइल से इस नजारे को रिकॉर्ड करते नजर आते हैं.
हल्की गुलाबी शेरवानी में सामने आई दूल्हे ऋषिकेश की पहली झलक
इस शाही शादी के बीच दूल्हे ऋषिकेश कुमार की पहली तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. कमांडेंट रणविजय कुमार सिंह के बेटे ऋषिकेश ने इस खास मौके के लिए हल्के गुलाबी रंग की शेरवानी, सफेद चूड़ीदार और मैचिंग गुलाबी पगड़ी पहनी है. मोतियों की कई लड़ियों वाला हार, पगड़ी पर जड़े रत्न, हाथ में सोने का कंगन, मेहंदी और माथे पर तिलक उनके पारंपरिक अंदाज को खास बना रहे हैं. बिहटा से बारात रवाना होने से पहले दूल्हे की मां आशा देवी ने पारंपरिक ‘परछावन’ की रस्म निभाई और परिवार की महिलाओं ने मंगल गीत गाए.
150 से ज्यादा व्यंजन
शादी में पहुंचे मेहमानों के स्वागत के लिए भव्य खानपान की व्यवस्था की गई है. समारोह में पारंपरिक बिहारी पकवानों के साथ देश के विभिन्न राज्यों के 150 से अधिक व्यंजन तैयार किए गए हैं. मिठाइयों के इंतजाम ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, जहां करीब 25 लाख मिठाइयां और 50 लाख रसगुल्ले बनवाए गए हैं. नदवां गांव में कई बड़े राजनीतिक नेताओं और जानी-मानी हस्तियों के जुटने से पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…