![]()
मेदिनीनगर | सदर थाना क्षेत्र के कुसुमटांड़ में एनएच-39 पर सोमवार देर रात टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुबोध कुमार (23) के रूप में हुई है। वह सुआ गांव निवासी भुवनेश्वर कुमार सिंह का पुत्र था। जानकारी के अनुसार सुबोध सोमवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था। रात करीब 12 बजे उसकी बाइक को टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक टक्कर मारने वाला टेम्पो सत्यम टेंट हाउस का है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बाद में टेम्पो की पहचान कर उसे जब्त कर लिया। बालूमाथ | जबरा बरछिया गांव में खेत में धान काट रही 24 वर्षीय महिला चंचला देवी को जहरीले सांप ने डंस लिया। डंसने के बाद वह अचेत हो गई। परिजन उसे तुरंत बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक अलीशा टोप्पो और खुशबू कुमारी ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चंचला देवी विकास प्रजापति की पत्नी है और थाना बालूमाथ क्षेत्र की निवासी बताई गई है। महुआडांड़ | चम्पा महुआटोली निवासी बिफन लोहरा (65) की सोमवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा रात करीब आठ बजे महुआडांड़-कुसमी मार्ग पर हुआ। पुलिस के अनुसार बिफन लोहरा छत्तीसगढ़ बॉर्डर के पास एक घर में पूजा कराने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घर में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया है। वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
Source link