![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिले में कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-ध्यान और पूजन के बाद प्रसाद ग्रहण की परंपरा कायम रही। मंगलवार को अहले सुबह से ही विभिन्न नदियों व तालाबों में सनातन धर्मावलंबी ठंड के बावजूद स्नान-ध्यान में जुट गए। इस दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है। परंतु लोहरदगा में कोयल व शंख नदियों को ही गंगा मानकर डुबकी लगाई। शहर से निकट होने की वजह से भक्सो कोयल नदी व मंदिर में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ देखी गई। यहां बच्चों, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने स्नान-ध्यान और पूजन की परंपरा को कायम रखा। सभी ने स्नान के बाद यहां स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद ही सभी ने अन्न ग्रहण किया। यहां उपस्थित पुरोहित ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान, दीपदान, हवन, यज्ञ आदि का विशेष महत्व होता है। कहा जाता है कि इस दिन दान का फल दोगुना या इससे अधिक भी मिलता है। कार्तिक पूर्णिमा का दिन सिख धर्म के लिए भी महत्वपूर्ण है। इस दिन सिख संप्रदाय के संस्थापक गुरु नानक देव का जन्म हुआ था। उन्होंने बताया कि सृष्टि के आरंभ से ही एक तिथि बड़ी खास रही है। यह तिथि कार्तिक पूर्णिमा रही है। इसका महत्व सिर्फ वैष्णव भक्तों के लिए नहीं है। यह शैव भक्तों के लिए भी है। पुराणों की कथा के अनुसार भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक महाबलशाली असुर का वध इसी दिन किया था। यहां कई भक्तों ने सामूहिक रूप से हवन भी किया। यहां लगे मेले में लोगों ने स्नान-ध्यान के बाद मिठाइयों सहित अन्य व्यंजनों का आनंद भी उठाया। इसी बीच सेल्फी का दौर भी देखने को मिला। वहीं दूसरी ओर लगे मेले में बच्चों ने खेल-खिलौनों का आनंद उठाया। लोगों ने चाट व मिठाई का स्वाद लिया।
Source link