Last Updated:
Annamalai Announcement Live: तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई आज दोपहर 12 बजे बड़ा ऐलान करने वाले हैं. इस्तीफे की अटकलों और नई राजनीतिक पार्टी या आंदोलन की चर्चाओं के बीच तमिलनाडु की राजनीति में ह…और पढ़ें

तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई आज बड़ा ऐलान कर सकते हैं. (फाइल फोटो PTI)
Annamalai News Live: तमिलनाडु की राजनीति में शुक्रवार का दिन बड़ा सियासी ट्विस्ट लेकर आ सकता है. बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी के. अन्नामलाई आज दोपहर 12 बजे बड़ा ऐलान करने वाले हैं. उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट ने चेन्नई से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल तेज कर दी है. सवाल है कि अन्नामलाई अलग रास्ता चुनते हैं तो तमिलनाडु की राजनीति किस दिशा में जाएगी. पिछले कुछ समय से पार्टी के भीतर उनकी नाराजगी की खबरें लगातार सामने आ रही थीं. AIADMK के साथ सीट शेयरिंग को लेकर भी वह सहज नहीं बताए जा रहे थे. ऐसे में अब उनके अगले कदम को सिर्फ व्यक्तिगत फैसला नहीं बल्कि दक्षिण भारत की राजनीति में नए समीकरणों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. बीजेपी लगातार इन खबरों को अफवाह बता रही है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि अन्नामलाई अब ‘नई राजनीतिक लाइन’ तैयार करने के मूड में हैं.
अन्नामलाई ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मैं कल दोपहर करीब 12 बजे आप सभी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए खुलकर बातचीत करने का इंतजार कर रहा हूं.’ इस एक लाइन ने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने अमित शाह से मुलाकात भी की थी. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी नेतृत्व ने उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन तमिलनाडु इकाई में खुद को साइडलाइन किए जाने को लेकर वह नाराज बताए जा रहे हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोपहर 12 बजे अन्नामलाई सिर्फ सफाई देंगे या फिर तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय शुरू करेंगे.
युवा राजनीति के नाम पर नई रणनीति?
- सूत्रों के मुताबिक अन्नामलाई तमिलनाडु के युवाओं को केंद्र में रखकर एक नया राजनीतिक आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं. कहा जा रहा है कि वह राज्य में पारंपरिक द्रविड़ राजनीति के खिलाफ नया नैरेटिव खड़ा करना चाहते हैं. यही वजह है कि उनके अगले कदम को बेहद अहम माना जा रहा है.
- अन्नामलाई पिछले कुछ सालों में बीजेपी के सबसे चर्चित दक्षिण भारतीय चेहरों में शामिल रहे हैं. उन्होंने DMK सरकार के खिलाफ लगातार आक्रामक राजनीति की और सोशल मीडिया पर भी मजबूत पकड़ बनाई. लेकिन हाल के दिनों में पार्टी के भीतर उनकी भूमिका सीमित होने की चर्चा ने सियासी अटकलों को और बढ़ा दिया.
- बीजेपी ने हालांकि साफ किया है कि अन्नामलाई पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि इस्तीफे की खबरें गलत हैं. इसके बावजूद राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर अन्नामलाई अलग रास्ता चुनते हैं तो इसका असर बीजेपी और AIADMK दोनों पर पड़ सकता है.
दिल्ली में क्या हुई थी बातचीत?
हाल ही में अन्नामलाई दिल्ली पहुंचे थे जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में उन्होंने तमिलनाडु बीजेपी की अंदरूनी स्थिति और अपनी चिंताओं को खुलकर रखा. पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संगठन में बने रहने के लिए कहा, लेकिन इसके बाद भी अटकलें खत्म नहीं हुईं.
तमिलनाडु की राजनीति में अन्नामलाई को युवा और आक्रामक चेहरा माना जाता है. यही वजह है कि उनका अगला कदम सिर्फ बीजेपी ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है.
दोपहर 12 बजे पर टिकी राजनीति की नजर
अब पूरे देश की नजर अन्नामलाई के दोपहर 12 बजे वाले ऐलान पर है. क्या वह नई पार्टी बनाएंगे? क्या बीजेपी में ही नई भूमिका स्वीकार करेंगे? या फिर सिर्फ राजनीतिक संदेश देकर अटकलों पर विराम लगाएंगे? इन सवालों का जवाब कुछ ही घंटों में सामने आ जाएगा. लेकिन इतना तय है कि तमिलनाडु की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है.
Annamalai Announcement Live: अन्नामलाई का इस्तीफा BJP ने स्वीकार किया
Annamalai News Live: पूर्व तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई का इस्तीफा पार्टी नेतृत्व ने स्वीकार कर लिया है. अन्नामलाई ने कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद से उनके भविष्य को लेकर लगातार अटकलें चल रही थीं. पूर्व IPS अधिकारी रहे अन्नामलाई तमिलनाडु बीजेपी का बड़ा चेहरा माने जाते थे और उनके अगले राजनीतिक कदम पर अब सबकी नजर है.
Annamalai News Live: अमित शाह ने BJP में बने रहने को कहा?
Annamalai Announcement Live: रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में नई दिल्ली दौरे के दौरान अन्नामलाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. सूत्रों का दावा है कि इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने उनसे बीजेपी में बने रहने की अपील की. माना जा रहा है कि अन्नामलाई ने अपनी नाराजगी और राजनीतिक स्थिति को लेकर शीर्ष नेतृत्व से खुलकर बात की थी.
Annamalai Announcement Live: तमिल युवाओं के लिए नया राजनीतिक आंदोलन?
Annamalai News Live: सूत्रों के अनुसार अन्नामलाई तमिलनाडु के युवाओं पर फोकस करते हुए एक नए राजनीतिक आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं. माना जा रहा है कि उनका नया कदम राज्य की राजनीति में अलग पहचान बनाने की कोशिश हो सकता है. शुक्रवार को होने वाले उनके संभावित ऐलान पर पूरे दक्षिण भारत की राजनीति की नजर टिकी हुई है.
Annamalai News Live: क्या नई पार्टी बनाएंगे अन्नामलाई?
Annamalai News Live: पूर्व IPS अधिकारी के अन्नामलाई को लेकर अटकलें तेज हैं कि वह शुक्रवार को बड़ा ऐलान कर सकते हैं. कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह पार्टी से इस्तीफा दे सकते हैं. बताया जा रहा है कि पार्टी के भीतर खुद को साइडलाइन किए जाने और AIADMK के साथ सीट शेयरिंग को लेकर वह नाराज हैं. हालांकि अब तक अन्नामलाई की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
Annamalai News Live: आंध्र राज्यसभा सीट पर बदली NDA की रणनीति
Annamalai News Live: तमिलनाडु बीजेपी में तेज राजनीतिक हलचल का असर अब पड़ोसी आंध्र प्रदेश की राजनीति पर भी दिखने लगा है. सूत्रों के मुताबिक NDA ने आंध्र प्रदेश की एक राज्यसभा सीट को लेकर अपनी रणनीति बदल दी है. पहले यह सीट पूर्व तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई के लिए मानी जा रही थी, लेकिन अब बीजेपी ने इस दावे से पीछे हटने का फैसला किया है. इसे गठबंधन के भीतर बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.