Last Updated:
Bengal Next CM LIVE: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. चुनावों में हार मिलने के बाद ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री का पद नहीं छोड़ने की बात कही है. हालांकि, ऐसी स्थिति बनने पर संविध…और पढ़ें

पश्चिम बंगाल विधानसभ चुनाव परिणाम में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है. (फोटो: Reuters)
Bengal Violence LIVE: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है. प्रदेश के अनेक हिस्सों से भाजपा और टीएमसी के कार्यर्ताओं के बीच टकराव की खबरें सामने आ रही हैं. इस बीच मंगलवार रात सेंट्रल कोलकाता के ऐतिहासिक न्यू मार्केट (हॉग मार्केट) इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बुलडोजर के साथ पहुंचे एक ग्रुप ने कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक कार्यालय को निशाना बनाया. जानकारी के मुताबिक, न्यू मार्केट यूनियन का टीएमसी कार्यालय इस कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य था, जिसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. घटना के वीडियो और तस्वीरें तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिससे इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया. घटना के बाद घबराए दुकानदारों ने अपनी दुकानें तुरंत बंद कर दीं और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए. यह इलाका कोलकाता के सबसे व्यस्त व्यापारिक केंद्रों में से एक माना जाता है, जहां अचानक हुई इस घटना ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया. दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल में अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है. बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने वाली है.
कोलकाता के न्यूज मार्केट में बुलडोजर चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए न्यू मार्केट और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बरकरार है. घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा, ‘कोलकाता का ऐतिहासिक न्यू मार्केट. बंगाली ‘परिवर्तन’ का जश्न मना रहे हैं.’ टीएमसी के एक अन्य वरिष्ठ नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने भी आरोप लगाया कि यह कार्रवाई प्रशासन की मौजूदगी में की गई. उन्होंने दावा किया कि पुलिस की अनुमति से बुलडोजर लाकर दुकानों और कार्यालय को तोड़ा गया, जबकि केंद्रीय बल के जवान मौके पर मौजूद थे. वहीं, स्थानीय निवासियों और कुछ व्यापारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जिस ढांचे को तोड़ा गया, वह अवैध निर्माण था. उनका कहना है कि यह जगह पहले एक दुकानदार से जबरन ली गई थी और बाद में उसे यूनियन कार्यालय में बदल दिया गया.
TMC का आरोप
टीएमसी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. पार्टी ने दावा किया कि बीजेपी समर्थकों की भीड़ ने इलाके में हिंसा और तोड़फोड़ की, जिससे व्यापारियों में दहशत फैल गई. टीएमसी ने इसे गुंडागर्दी और बुलडोजर राजनीति करार देते हुए कहा कि वह ऐसे प्रयासों का विरोध करेगी. टीएमसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी आरोप लगाए कि उनके नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं को इस तरह की कार्रवाई के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है. साथ ही केंद्रीय बलों पर मूक दर्शक बने रहने का आरोप भी लगाया गया, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. चुनाव परिणामों के बाद राज्य में बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच यह घटना स्थिति को और संवेदनशील बना सकती है.
Bengal Next CM Live: आज भाजपा विधायकों की बैठक, 8 मई को कोलकाता पहुंचेंगे अमित शाह
बंगाल का नया सीएम लाइव: पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आज यानी 6 मई 2026 को कोलकाता में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बड़ी बैठक होने जा रही है. इस बीच, खबर आ रही है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 मई को कोलकाता पहुंच सकते हैं.
Bengal Next CM Live: हिंदुओं को खुश नहीं होना चाहिए – उदित राज
बंगाल का नया सीएम लाइव: कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, ‘कांग्रेस को असम में 21 MLAs में से 20 मुसलमान जीते हैं और बंगाल में दोनों ही मुस्लिम हैं. यह स्वाभाविक नहीं है , भारी गड़बड़ी हुई है. बीजेपी ने ऐसा कराया ताकि कांग्रेस को मुसलमानों की पार्टी माना जाने लगे और क्षेत्रीय दलों का अंत हो. हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार के चुनाव भी धांधली से जीते गए हैं. इससे हिंदुओं को खुश नहीं होना चाहिए. इस नैरेटिव से हिंदुओं का विकास रुक जाएगा, क्योंकि मुसलमानों के खिलाफ धर्म को मुद्दा बना दिया गया है न कि विकास को.’
Bengal Violence Live: हावड़ा में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीट कर हत्या
बंगाल हिंसा लाइव: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में चुनावी माहौल के बीच हिंसा की एक और घटना सामने आई है. उदयनारायणपुर इलाके में भाजपा के एक कार्यकर्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जाधव बार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि 4 मई को जाधव बार चुनावी रुझानों में भाजपा की बढ़त की खुशी मना रहे थे और घर लौट रहे थे, तभी कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े लोगों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि हमलावरों ने लाठियों से बेरहमी से पिटाई की और बाद में उनका शव नाले में फेंक दिया. स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
Bengal Violence Live: बीरभूम के नानूर में TMC वर्कर की हत्या
बंगाल हिंसा लाइव: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नानूर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक स्थानीय नेता की हत्या से इलाके में तनाव फैल गया है. पुलिस के अनुसार, संतोषपुर गांव में नानूर अंचल कमेटी के सदस्य अबीर शेख की कथित तौर पर एक अन्य समूह के साथ विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है. पुलिस ने बताया कि शेख की मौके पर ही मौत हो गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. वहीं, नानूर से नवनिर्वाचित टीएमसी विधायक बिधान माझी ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस वारदात को अंजाम दिया.
Bengal Next CM Live: ममता बनर्जी सीएम की कुर्सी को पैतृक संपत्ति न समझें – दिलीप घोष
बंगाल का नया सीएम लाइव: ममता बनर्जी ने कहा है कि वह सीएम की कुर्सी नहीं छोड़ेंगी. इसपर बीजेपी नेता दिलीप घोष ने रिएक्शन दिया है. खड़गपुर से भाजपा के विजयी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, ‘दुनिया छोड़नी पड़ती है…गद्दी तो दो दिन की है. वे इस भ्रम में न रहें कि यह उनकी पैतृक संपत्ति है. जनता ने उन्हें 15 साल समय दिया, लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार और हिंसा के अलावा कुछ नहीं किया. लोगों का जीना हराम कर दिया. एक डॉक्टर बेटी की हत्या हो गई और उसको न्याय नहीं मिला. उनकी मां का अपमान किया गया. ममता क्या कह रही हैं, उससे दुनिया को मतलब नहीं है.’
Bengal Violence Live: नॉर्थ 24 परगना में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
बंगाल हिंसा लाइव: नॉर्थ 24 परगना जिले के नाजाट इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है. मंगलवार को हुई इस घटना में स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई, जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. झड़प के दौरान एक पुलिसकर्मी समेत कुल चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई. फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
Bengal Chunav Post-Poll Clash Live: मुख्य चुनाव आयुक्त का पुलिस-प्रशासन को सख्त संदेश
बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशकों सहित सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को लगातार गश्त करने के आदेश दिए हैं. सीईसी ने स्पष्ट किया कि हिंसा भड़काने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा. प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं.