Last Updated:
Bullet Train Project : भारतीय रेलवे ने जितना बदलाव और प्रोग्रेस पिछले 10-12 साल में देखा है, उतना तो बीते 100 सालों में भी नहीं आया. विकास की इस कड़ी में भारत बुलेट ट्रेन दौड़ाने की कगार पर खड़ा है. बुलेट ट्रेन भले ही अहमदाबाद और मुंबई के बीच चलेगी, लेकिन इसका क्रेज पूरे देश में देखा जा सकता है. हर किसी के मन में इस बात का कौतूहल बना हुआ है कि आखिर बुलेट ट्रेन का ट्रैक बनाया कैसे जा रहा और अभी तक कहां तक काम पहुंचा है. रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव ने अपने ब्लॉग में खुद तस्वीरें जारी कर एक-एक डिटेल बताई है कि कैसे भारत की बुलेट ट्रेन आकार ले रही है.
रेल मंत्री ने लिखा कि जापान के साथ मिलकर बुलेट ट्रेन का पहला खाका तैयार करने से लेकर आज बांद्रा-कुर्ला कॉम्पलेक्स में जमीन के 100 फीट नीचे स्टेशन बनाने तक का सफर पूरा हो चुका है. यह स्टेशन 10 मंजिला इमारत से भी नीचे बनाया गया है और यहीं से कुछ किलोमीटर की दूरी पर 3,200 टन की मशीन समंदर के नीचे खुदाई कर रही है. यहां देश की पहली अंडरसी ट्रेन टनल बनाई जा रही, जिसमें से बुलेट ट्रेन गुजरेगी. 371 किलोमीटर के बुलेट ट्रेन रूट का हर कोना अपनी खूबियों के लिए जाना जाएगा.
भारत की पहली बुलेट ट्रेन की कुल लंबाई करीब 508 किलोमीटर है, जिसका पहला हिस्सा 2027 की आखिरी तिमाही में शुरू होने का अनुमान है. रेलमंत्री ने बताया कि जापान में टोक्यो से ओसाका जाते समय जब हाई स्पीड ट्रेन में सफर किया तभी से यह विचार मन में आ गया था कि इसे भारत लाया जाना चाहिए. आज इसका काम अपनी फुल स्पीड से चल रहा है और जब अहमदाबाद से मुंबई के बीच पहली बुलेट ट्रेन चलेगी तो यह दूरी महज 1.58 घंटे में पूरी हो जाएगी. अभी इस दूरी को तय करने में 8 से 9 घंटे का समय लगता है. अगर किसी को अहमदाबाद से मुंबई आना है तो वह सुबह आकर शाम को वापस घर पहुंच सकता है.
रेल मंत्री ने कहा कि यही हाई स्पीड ट्रेन की असली ताकत है, जिसका फायदा मुंबई, थाणे, वापी, सूरत, वडोदरा, आणंद और अहमदाबाद जैसे शहरों को मिलेगा. अश्विणी वैष्णव ने अपने ब्लॉग में लिखा कि साल 1950 में भारतीय रेलवे देश के कुल ट्रांसपोर्ट का 80 फीसदी सर्विस देती थी. बीते 6 दशक में यह हिस्सेदारी घटकर 27 फीसदी पर आ गई है, लेकिन अब यह दोबारा 30 फीसदी पहुंच चुकी है. बीते एक दशक में रेलवे ने काफी निवेश किया और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बुलेट ट्रेन पर बातें तो बहुत पहले से की जा रही थी, लेकिन साल 2016 में पीएम मोदी के सत्ता में आने के बाद रेलवे ने लॉन्ग टर्म का प्लान बनाना शुरू किया. आखिरकार सितंबर, 2017 में जापान सरकार और पीएम मोदी ने मिलकर इसकी शुरुआत की. जापान ने इसके लिए तकनीक ऑफर की और सरकार ने बजट. काम शुरू होने से पहले ही कोराना महामारी आ गई. आखिर में साल 2021 से इसका निर्माण शुरू किया गया. तब आलोचना करने वाले पूछते कि आपकी बुलेट ट्रेन कहां है, लेकिन आज यह सबके सामने है और जल्द ही इसमें सफर का मजा भी शुरू हो जाएगा.
अगर आप सोच रहे कि बुलेट ट्रेन आखिर इतनी मुश्किल क्यों है तो जरा फर्ज करें कि 80 की स्पीड में वाहन चलाने पर आपका उस पर कंट्रोल रहता है. लेकिन, अगर यही वाहन आप 150 की स्पीड में दौड़ाएं तो तेज हवा और दबाव से स्टीयरिंग थामना भी मुश्किल हो जाएगा. अब जरा सोचें कि 200 की स्पीड पर क्या होगा और फिर 300 या 350 की स्पीड पर चलना कितना चुनौती वाला काम है. इस स्पीड पर ट्रेन चलाने के लिए टनल से लेकर ट्रैक और ट्रेन तक को खास डिजाइन की जरूरत पड़ती है. इस इसी डिजाइन को तैयार करने में इतना समय लग रहा है.
बुलेट ट्रेन की सबसे बड़ी चुनौती इसका ट्रैक तैयार करना है, क्योंकि खुले ट्रैक पर जानवरों की आवाजाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है. इसका हल एलिवेटेड ट्रैक बनाना है, जिस पर 350 की स्पीड में चलने पर भी किसी तरह की अड़चन नहीं आती. यही वजह है कि 508 किलोमीटर के कुल ट्रैक में से 465 किलोमीटर तक ट्रेन को वायाडक्ट के बीच दौड़ाया जाएगा. इस ट्रैक को 350 की स्पीड के लिए डिजाइन किया गया है और 320 की स्पीड में ट्रेन चलाई जा सकती है.
बुलेट ट्रेन ट्रैक पर बनने वाले ब्रिज को भी खास तकनीक से बनाया जा रहा है. इसे टुकड़े-टुकड़े में बनाने के बजाय 40 मीटर लंबे ग्रिड को फैक्ट्री में तैयार करके निर्माण की जगह पर लाकर फिक्स किया जाता है, जिसका वजन करीब 970 टन होता है. महाराष्ट्र में 21 किलोमीटर की टनल बनाई जा रही है, जिसका 7 किलोमीटर हिस्सा समंदर के नीचे होगा. टनल बोरिंग मशीन के जरिये 13.5 मीटर की परिधि में टनल बनाई जा रही, जो 4 मंजिला इमारत जितनी गहरी है. इसकी खुदाई करने वाली मशीनों का वजन 3 हजार टन है और लंबाई 96 मीटर है. बीकेसी में बन रहे स्टेशन को तीन मंजिला बनाया जा रहा हे और 400 मीटर लंबे 6 प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं.
बुलेट ट्रेन का काम तेजी से चल रहा है और सितंबर, 2026 तक 456 किलोमीटर का ट्रैक तैयार हो चुका है, जिसमें 371 किलोमीटर तो वायाडक्ट के रूप में है. अभी तक 299 किलोमीटर तक 6 लाख नॉयस बैरियर लगाए जा चुके हैं. इसके अलावा 206 किलोमीटर तक 9,300 ओएचई लगाई जा चुकी है, जिससे ट्रेन में बिजली की सप्लाई की जाएगी. पहाड़ों के बीच 4 सुरंगें भी बन चुकी हैं और 21 किलोमीटर लंबी महाराष्ट्र टनल पर काम जारी है, जो 5 किलोमीटर पूरा भी हो चुका है. 8 स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और डिजाइन का काम चल रहा, जबकि साबरमती, सूरत और ठाणे में बनने वाले तीन डिपो का काम भी काफी हद तक हो चुका है.