रांची19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

चतरा और गढ़वा में हीट-वेव का अलर्ट
रांची में सोमवार को भी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। सुबह से ही तीखी धूप और गर्म हवाओं के कारण शहर की सड़कें अपेक्षाकृत सूनी नजर आईं। अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा।
वहीं न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री से ऊपर बना रहा, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी और चिपचिपी उमस का सामना करना पड़ा। राज्य में डालटनगंज 45.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। बोकारो में 42.6, जमशेदपुर में 41.6 और हजारीबाग में 41.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। वहीं, डालटनगंज, चतरा व गढ़वा में हीट-वेव की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने व पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
अर्बन हीट आईलैंड से शहरों में बढ़ रही तपिश: आनंद मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी में ‘अर्बन हीट आईलैंड’ प्रभाव के कारण गर्मी अधिक महसूस हो रही है। कंक्रीट की इमारतें, अलकतरा वाली सड़कें और वाहनों की अधिकता शहर के तापमान को आसपास के ग्रामीण इलाकों की तुलना में ज्यादा बढ़ा रही है। इसका असर खासकर रात के समय अधिक महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार बदलाव और हवा में बढ़ती नमी के कारण लोगों को तेज उमस का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि हल्की बारिश के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।
26-27 को रांची समेत कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को रांची समेत कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मंगलवार से अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट शुरू हो सकती है, लेकिन 28 मई तक गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। 29 मई के बाद तापमान में कमी आने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर का नाम | तापमान (°C) |
| डालटनगंज | 45.7 |
| बोकारो | 42.6 |
| जमशेदपुर | 41.6 |
| हजारीबाग | 41.1 |
| रांची | 39.8 |
| पूर्वी सिंहभूम | 38.2 |
| लातेहार | 35.9 |
मानसून का इंतजार… केरल के तट से 30-35 किलोमीटर दूर अटका मानसून पिछले तीन दिन से केरल के तट से 30-35 किमी दूर अटका है। तमिलनाडु और कर्नाटक में बारिश हो रही है। पर, मानसून आने की सभी शर्तें पूरी नहीं हो पा रहीं। दक्षिण के 14 स्टेशनों पर बारिश और ओएलआर में कमी के मानक पूरे हैं। पर, दक्षिण-पश्चिमी हवा की मोटाई कम है। इसलिए प्री-मानसून बारिश मान रहे हैं। दस्तक के मानक: केरल व लक्षद्वीप के 14 मौसमी स्टेशन पर लगातार दो दिन बारिश हो। 60% स्टेशनों पर 2.5 मिमी बारिश जरूर हो। हवा दक्षिण-पश्चिमी दिशा से जमीनी सतह से करीब 800 मीटर ऊंचाई तक 30 से 35 किमी की गति से बहनी चाहिए।
