Last Updated:
Delimitation Bill Calculation: परिसमीन विधेयक पर राजनीतिक खेमेबंदी अपने चरम पर है. इंडिया अलायंस एक तरफ जहां बिखर गया है, वहीं भाजपा की अगुआई वाला एनडीए बिल को पास कराने की दहलीज पर पहुंच चुका है. डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन विधेयक का सपोर्ट करने की बात कही है. आंकड़ों की बात करें तो द्रमुक प्रमुख ने बिल का यूं ही समर्थन करने की बात नहीं की है. इसमें तमिलनाडु का व्यापक हित छिपा हुआ है.
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन विधेयक का सपोर्ट काफी सोच-समझकर किया है. (फाइल फोटो/PTI)
Delimitation Bill Calculation: लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व को लेकर एक नया दावा सामने आया है. इसके मुताबिक, कांग्रेस के 2011 की जनगणना पर आधारित परिसीमन फॉर्मूले को लागू किया जाता तो तमिलनाडु की लोकसभा सीटें मौजूदा 39 से घटकर 32 रह जातीं. यानी राज्य को मौजूदा स्थिति को देखते हुए 7 सीटों का नुकसान उठाना पड़ता. इसके विपरीत, केंद्र की एनडीए सरकार के नए परिसीमन विधेयक के तहत तमिलनाडु को 59 सीटें मिलने का दावा किया गया है.
इसके अनुसार, एनडीए के प्रस्ताव से तमिलनाडु को मौजूदा संख्या के मुकाबले 20 अतिरिक्त सीटें मिलेंगी. इस तरह कांग्रेस के कथित फॉर्मूले और एनडीए के प्रस्ताव के बीच कुल 27 सीटों का अंतर होगा. ऐसे में कांग्रेस का फॉर्मूला जनसंख्या नियंत्रण में सफलता हासिल करने वाले तमिलनाडु जैसे राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को नुकसान पहुंचाता. वहीं, एनडीए के नए प्रस्ताव में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्य की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने और सभी राज्यों की सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है. ऐसे में प्रस्तावित परिसीमन से तमिलनाडु को नुकसान के बजाय लोकसभा में अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा.
एमके स्टालिन के खुश होने की वजह
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने संशोधित परिसीमन विधेयक में पार्टी की प्रमुख मांगों को शामिल किए जाने को तमिलनाडु और अन्य दक्षिणी राज्यों की बड़ी जीत बताया है. उन्होंने शनिवार को संसद में इस विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया. इसके साथ ही परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके के रुख में महत्वपूर्ण बदलाव आया है. स्टालिन ने कहा कि पार्टी ने अप्रैल में परिसीमन विधेयक का विरोध करते हुए दो प्रमुख मांगें उठाई थीं. संशोधित विधेयक में इन दोनों मांगों को लिखित रूप में शामिल किया गया है. उन्होंने इसे वर्ष 2024 से पार्टी की ओर से निष्पक्ष परिसीमन के लिए चलाए जा रहे लगातार संघर्ष की सफलता बताया. इस संबंध में शनिवार को चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय में डीएमके सांसदों की बैठक हुई. बैठक में संशोधित विधेयक के समर्थन में औपचारिक प्रस्ताव पारित किया गया.
1971 की जनगणना वाला फॉर्मूला
स्टालिन के मुताबिक, प्रस्तावित विधेयक में 1971 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है. इससे दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर उठ रही चिंताओं का समाधान होगा. बैठक के बाद डीएमके के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि केंद्र ने संसद में राज्यों के मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व को बरकरार रखने की पार्टी की मांग स्वीकार कर ली है. उनके मुताबिक, सीटों में समान वृद्धि से अगले 25 वर्षों तक दक्षिणी राज्यों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे और महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता भी आसान होगा. मारन ने स्पष्ट किया कि यह भाजपा के साथ गठबंधन नहीं है, बल्कि तमिलनाडु के हितों की रक्षा के लिए उठाया गया कदम है. उन्होंने कहा कि डीएमके किसी भी ऐसे फैसले का समर्थन नहीं करेगी, जो राज्य के हितों के खिलाफ हो.
About the Author
अमिताभ सिन्हा News18 India के एक्जिक्यूटिव एडिटर हैं. प्रिंट और टीवी पत्रकारिता का लंबा अनुभव है. पटना ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से करियर की शुरुआत की और ‘आज तक’ में तकरीबन 14 साल तक रिपोर्टिंग की. 2015 से नेटवर्क 18 …