Last Updated:
Palamu orange cultivation: ठंड के मौसम में संतरे की मिठास लोगों को खूब पसंद आती है. आमतौर पर नागपुर के संतरे अपनी मिठास और स्वाद के लिए मशहूर हैं, लेकिन पलामू में भी नागपुर जैसी प्रजाति के मीठे संतरे तैयार हो रहे हैं. मेदिनीनगर के चियांकी स्थित क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र में करीब 10 एकड़ में फैले संतरे के बगान में इन दिनों फल निकल रहे हैं. यहां वर्ष 2007 में राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत संतरे की बागवानी शुरू की गई थी. करीब दो दशक बाद भी बगान में संतरे का उत्पादन हो रहा है. यहां के फल स्वाद व मिठास के मामले में बाजार में उपलब्ध संतरे को भी टक्कर दे रहे हैं.
कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र चियांकी में नागपुर, कुर्ग और दार्जिलिंग प्रजाति के संतरे लगाए गए हैं. इसके साथ ही यहां कीनू और मौसमी की भी खेती की जाती है. केंद्र के बगान में नागपुर और कुर्ग प्रजाति के संतरे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. यहां की मिट्टी का पीएच मान 5.5 से 7.5 के बीच है, जो संतरे की बागवानी के लिए उपयुक्त माना जाता है. संतरे के पौधों को यहां की मिट्टी और मौसम के अनुरूप विकसित किया गया है, जिससे लंबे समय से उत्पादन जारी है.
उन्होंने आगे कहा कि इस बगान की खासियत सिर्फ संतरे का उत्पादन ही नहीं, बल्कि किसानों को बागवानी के लिए पौधे उपलब्ध कराना भी है. क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र चियांकी से पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा समेत आसपास के क्षेत्रों में संतरे के पौधे उपलब्ध कराए जाते हैं.
यहां संतरे की बागवानी को लेकर किसानों को पौधे देने के साथ नई खेती की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है. बगान में पुराने पौधों के साथ री-प्लांटिंग भी की गई है, ताकि आने वाले वर्षों में उत्पादन निरंतर बना रहे. संतरे के पेड़ों की अच्छी उत्पादन क्षमता सामान्य तौर पर 20 से 25 साल तक बनी रह सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चियांकी के इस बगान में उत्पादित संतरे की बिक्री भी की जाती है. यहां संतरे की बिक्री फिलहाल 50 रुपये प्रति किलो की दर से हो रही है, जबकि बाजार में संतरा करीब 90 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. इस वजह से यहां से संतरा खरीदने वाले लोगों को बाजार की तुलना में कम कीमत पर फल मिल रहे हैं. केंद्र के बगान से छठ पर्व के सीजन में करीब 2.5 लाख रुपये के संतरे की बिक्री हुई थी.
बता दें कि संतरे की बागवानी में रासायनिक और जैविक दोनों प्रकार की खाद का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे पौधों का विकास और उत्पादन बेहतर बना रहे. पलामू जैसे क्षेत्र में संतरे की सफल बागवानी किसानों के लिए एक नई संभावना है, जो यह दिखाती है कि यहां भी पारंपरिक खेती के साथ फल उत्पादन को व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है.