भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

IMD आज 21 जून का मौसम: साइक्‍लोन दिखाने लगा असर, भारी बारिश...


होमताजा खबरदेश

साइक्‍लोन का असर, भारी बारिश से हालात होंगे गंभीर, पूरे सप्‍ताह तक राहत नहीं

Last Updated:

IMD 21 June Weather Update: दक्षिण भारत में मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है. साइक्‍लोनिक सर्कुलेशन की वजह से इसे और रफ्तार मिल रहा है. भारतीय मौसम विभाग ने तमिलनाडु कम से कम 6 जिलों में भारी बारिश होने की बात कही है. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, इस पूरे सप्‍ताह बारिश के लिए अनुकूल महौल बना हुआ है.

साइक्‍लोन का असर, भारी बारिश से हालात होंगे गंभीर, पूरे सप्‍ताह तक राहत नहींZoom

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने तमिलनाडु में भारी बारिश होने की संभावना जताई है. (फाइल फोटो/PTI)

IMD 21 June Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. देश के कई हिस्‍सों में मानसून सक्रिय हो चुका है. दक्षिण भारत के कई राज्‍यों में इसका असर भी दिख रहा है. तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के बीच मौसम ने फिर करवट ली है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी), चेन्नई ने रविवार को राज्य के 6 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इससे प्रभावित इलाकों में हालात गंभीर भी हो सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर केरल के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) दक्षिण भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है, जिसके असर से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. विभाग ने संकेत दिया है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में व्यापक वर्षा का दौर बना रह सकता है.

IMD के मुताबिक, रविवार को तिरुनेलवेली जिले के पहाड़ी इलाकों के साथ नीलगिरि, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी और कन्याकुमारी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी घाट और उससे सटे क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बनी हुई है, जिससे इन जिलों में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि केवल इन 6 जिलों तक ही बारिश सीमित नहीं रहेगी. पश्चिमी घाट से लगे अन्य हिस्सों, कावेरी डेल्टा क्षेत्र और उत्तर तमिलनाडु के कई इलाकों में रविवार और सोमवार को मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मौजूदा वायुमंडलीय परिस्थितियां राज्य के अनेक जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला बनाए रखेंगी. इससे बीते दिनों की उमस और गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

भारी बारिश की चेतावनी

सोमवार के लिए भी मौसम विभाग ने पश्चिमी और दक्षिणी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. IMD के अनुसार, कोयंबटूर जिले के पहाड़ी क्षेत्रों के अलावा नीलगिरि, डिंडीगुल, थेनी, मदुरै और शिवगंगा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर केरल के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण और मानसूनी परिस्थितियां मिलकर राज्य में वर्षा की गतिविधियों को अगले कम से कम एक सप्ताह तक सक्रिय बनाए रख सकती हैं.

आमलोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विशेष रूप से पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से कहा गया है कि वे जलभराव, फिसलन, छोटे भूस्खलन या स्थानीय स्तर पर यातायात बाधित होने जैसी स्थितियों को देखते हुए सावधानी बरतें. प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों को भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने को कहा गया है.

चेन्‍नई के आसमान में बादलों का डेरा

राजधानी चेन्नई में रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है. शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि चेन्नई के लिए फिलहाल कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन छिटपुट बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों के दौरान जिन जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, वहां के लोग आधिकारिक मौसम बुलेटिन और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर नजर बनाए रखें. विभाग लगातार मौसम की स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर ताजा अपडेट जारी करेगा.

About the Author

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top