Last Updated:
JP Nadda News: पेपर लीक मामले पर बीजेपी के सीनियर नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है. नड्डा ने राहुल पर सियासत करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों में हुए पेपर लीक की लंबी लिस्ट जारी की है. नड्डा ने कहा कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर हर तरह की चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है.
नई दिल्ली: पेपर लीक मामले पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर इस गंभीर मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है. संसद में राहुल गांधी ने 150 से ज्यादा पेपर लीक मामलों का जिक्र किया था. इसके जवाब में जेपी नड्डा ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन शासित राज्यों की एक लंबी लिस्ट पेश कर दी है. नड्डा ने साफ कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे से राजनीतिक फायदा उठाना बिल्कुल भी सही नहीं है. सरकार हर आरोप की जांच करेगी और दूध का दूध पानी का पानी करेगी. जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों के न्याय को लेकर गंभीर नहीं हैं. वो सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं. नड्डा ने विपक्ष को संसद में सार्थक चर्चा के लिए खुला निमंत्रण भी दिया है.
‘राहुल गांधी पेपर लीक के मामलों में पूरी तरह सेलेक्टिव हो गए हैं’
जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी से कई तीखे सवाल पूछे. जेपी नड्डा ने कहा, ‘मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि आप इतने सेलेक्टिव क्यों हैं’. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने यूपीए और उसके समर्थित राज्यों के मामलों का जिक्र तक नहीं किया. जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि राहुल का मकसद छात्रों को न्याय दिलाना नहीं है. वो सिर्फ इस मुद्दे पर राजनीतिक माइलेज लेना चाहते हैं. नड्डा ने कहा कि युवाओं के विरोध प्रदर्शन का राजनीतिक फायदा नहीं उठाना चाहिए. यह हम सबके लिए एक बहुत ही गहरी चिंता का विषय है. सभी को मिल बैठकर इस बड़ी समस्या का समाधान निकालना चाहिए.
किन राज्यों का नाम लेकर जेपी नड्डा ने कांग्रेस और विपक्ष को घेरा?
बीजेपी नेता ने विपक्ष शासित राज्यों में हुए पेपर लीक की एक लंबी लिस्ट पढ़ी. उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर सर्विस सिलेक्शन बोर्ड परीक्षा में पेपर लीक हुआ. वहां कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार है. इसी तरह हिमाचल प्रदेश स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड में भी पेपर लीक हुआ. तेलंगाना में एसएससी परीक्षा और कर्नाटक में पीयूसी परीक्षा का पेपर लीक हुआ. इन सभी राज्यों में कांग्रेस की सरकार है. जेपी नड्डा ने तमिलनाडु, केरल, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पंजाब का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि टीएमसी सरकार के दौरान पश्चिम बंगाल में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ था.
पेपर लीक और इस्तीफे की मांग पर आगे मोदी सरकार का क्या प्लान है?
जेपी नड्डा ने साफ किया कि मोदी सरकार ने इस मामले को बहुत संजीदगी से लिया है. उन्होंने कहा कि सरकार आरोप-प्रत्यारोप से बाहर निकलकर संसद में गहन चर्चा करना चाहती है. सरकार जानना चाहती है कि इस पेपर लीक की असली वजह क्या है. नड्डा ने कहा कि विपक्ष संसद में जितने घंटे चाहे हम चर्चा के लिए तैयार हैं. बस शर्त यह है कि विपक्ष अपना गोल पोस्ट चेंज ना करे. विपक्ष समय तय करे ताकि एक सार्थक चर्चा के बाद कोई ठोस सल्यूशन निकल सके. नड्डा ने सोनम वांगचुक का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि हम उनका हालचाल लेने गए थे और उनसे अनशन तोड़ने की अपील की. सरकार उनके ओपन लेटर का जवाब भी जरूर देगी.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
और पढ़ें