Last Updated:
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने करीब 10 साल बाद 1733 कक्षपाल पदों पर भर्ती निकाली है. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 मई से शुरू हो चुकी है, जो 19 जून तक चलेगी. इस भर्ती के लिए 10वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा में भाषा ज्ञान, झारखंड सामान्य ज्ञान, गणित, रीजनिंग और करंट अफेयर्स से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे.
कोडरमा: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने करीब 10 साल बाद झारखंड कक्षपाल प्रतियोगिता परीक्षा के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. आयोग ने 1733 पदों पर नियुक्ति के लिए 20 मई से ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिया है. अभ्यर्थी 19 जून तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि परीक्षा शुल्क का भुगतान 21 जून तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जा सकेगा. लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं में इसे लेकर काफी उत्साह है और अभ्यर्थी तैयारी में जुट गए हैं.
न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं
आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इस भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है. चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट शामिल होंगे. कोडरमा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले राम रतन अवध्या ने बताया कि अगर छात्र सिलेबस को समझकर नियमित पढ़ाई करें तो परीक्षा में सफलता पाना आसान हो सकता है. उन्होंने कहा कि लिखित परीक्षा तीन पेपर में होगी.
हिंदी और अंग्रेजी से कुल 120 प्रश्न
पहला पेपर भाषा ज्ञान का होगा, जो केवल क्वालीफाइंग रहेगा. इसमें हिंदी और अंग्रेजी से कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे और कुल अंक 360 होंगे. हिंदी से 80 और अंग्रेजी से 40 प्रश्न रहेंगे. इस पेपर में कम से कम 30 प्रतिशत अंक लाना जरूरी होगा, तभी दूसरे और तीसरे पेपर की कॉपी जांची जाएगी. राम रतन अवध्या ने बताया कि हिंदी विषय में अनुच्छेद आधारित प्रश्नों के साथ व्याकरण से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. वहीं अंग्रेजी में भी ग्रामर और पैसेज आधारित प्रश्न शामिल होंगे. उन्होंने अभ्यर्थियों को हिंदी व्याकरण, पर्यायवाची, विलोम, मुहावरे, संधि, समास और अंग्रेजी ग्रामर पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी.
जनजातीय और क्षेत्रीय भाषा से जुड़े 100 प्रश्न
उन्होंने बताया कि दूसरे पेपर में जनजातीय और क्षेत्रीय भाषा से जुड़े 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके कुल अंक 300 होंगे. तीसरा पेपर सामान्य ज्ञान का होगा, जिसमें 120 प्रश्न और कुल 360 अंक होंगे. इसमें भूगोल, इतिहास, भारतीय राजनीति, करंट अफेयर्स, झारखंड सामान्य ज्ञान, गणित और विज्ञान से सवाल पूछे जाएंगे. झारखंड इतिहास और सामान्य ज्ञान पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा.
नेगेटिव मार्किंग से सावधान
उन्होंने अभ्यर्थियों को नेगेटिव मार्किंग से सावधान रहने की भी सलाह दी. परीक्षा में हर सही उत्तर पर तीन अंक मिलेंगे, जबकि गलत जवाब देने पर एक अंक काटा जाएगा. ऐसे में बिना जानकारी के उत्तर देने से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्र अभी से टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करें और नियमित मॉक टेस्ट व पुराने प्रश्न पत्रों का अभ्यास करें.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें