नई दिल्ली (NEET UG 2026 Paper Leak). देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी को रद्द कराने वाले पेपर लीक घोटाले में CBI को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. सीबीआई ने इस पूरे काले खेल के पीछे छिपे असली ‘किंगपिन’ यानी मास्टरमाइंड को महाराष्ट्र के पुणे शहर से दबोच लिया है. गिरफ्तार किया गया आरोपी पीवी कुलकर्णी कोई प्रोफेशनल अपराधी नहीं, बल्कि रिटायर्ड केमिस्ट्री टीचर है. जांच में सामने आया कि उसने 3 मई को हुई नीट यूजी परीक्षा से कुछ ही दिन पहले पुणे स्थित अपने घर पर बेहद गोपनीय तरीके से ‘स्पेशल कोचिंग क्लासेस’ चलाई थीं, जहां स्टूडेंट्स को सीधे असली प्रश्नपत्र रटवाया गया था.
न प्रिंटआउट, न WhatsApp, सिर्फ हाथ से लिखे नोट्स
कौन है मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी और क्या था उसका रसूख?
पीवी कुलकर्णी मूल रूप से महाराष्ट्र के लातूर जिले का रहने वाला है, जिसे राज्य का बड़ा एजुकेशन हब माना जाता है. वह लातूर के ही एक बेहद प्रतिष्ठित कॉलेज में केमिस्ट्री का सीनियर प्रोफेसर रह चुका था और करीब चार साल पहले ही रिटायर हुआ था. सबसे गंभीर बात यह है कि सीबीआई के दावों के मुताबिक, कुलकर्णी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के जरिए नीट परीक्षा की गोपनीय प्रक्रियाओं से भी जुड़ा हुआ था. इसी वीआईपी एक्सेस का फायदा उठाकर उसने नीट यूजी परीक्षा से करीब एक हफ्ते पहले यानी अप्रैल के आखिरी दिनों में पेपर उड़ा लिया था.
राजस्थान से महाराष्ट्र तक फैला धांधली का नेटवर्क
नीट पेपर लीक का यह मामला सबसे पहले 7 मई को राजस्थान में उजागर हुआ था, जिसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की शिकायत पर 12 मई को सीबीआई ने इस केस की कमान अपने हाथों में ली. महज कुछ ही दिनों की जांच के बाद सीबीआई ने जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर जैसे शहरों में ताबड़तोड़ छापेमारी करके अब तक 7 मुख्य बिचौलियों और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन और डिजिटल दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच चल रही है.
जांच के घेरे में लातूर का नामी कोचिंग संस्थान
इस जांच की आंच अब लातूर के बड़े कोचिंग सेंटर्स तक भी पहुंच गई है. सीबीआई की 28 सदस्यीय भारी-भरकम टीम ने लातूर के मशहूर ‘रेनूकाई केमिस्ट्री क्लासेस’ (RCC) के डायरेक्टर शिवराज मोटेगांवकर के आवास पर धावा बोला और उनसे घंटों पूछताछ की. जांच एजेंसी इस बात का पता लगा रही है कि क्या इस नामी कोचिंग संस्थान और पीवी कुलकर्णी के सीक्रेट पेपर लीक नेटवर्क के बीच कोई सीधा वित्तीय लेन-देन या अंदरूनी कनेक्शन था. सीबीआई का दावा है कि जल्द ही पेपर लीक रैकेट से जुड़े कुछ और बड़े चेहरों का पर्दाफाश होगा.
NEET पेपर लीक में दो और लेक्चरर का कनेक्शन
नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार मास्टरमाइंड और रिटायर्ड केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी से पूछताछ के बाद CBI ने इस नेटवर्क के 2 और बड़े किरदारों की तलाश तेज कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, पुणे और लातूर के प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े 2 और लेक्चरर इस पेपर लीक को अंजाम देने में कुलकर्णी और मनीषा वाघमारे के मुख्य सहयोगी थे. ये भी पीवी कुलकर्णी की तरह NTA के साथ नीट परीक्षा की गोपनीय प्रक्रियाओं से जुड़े हुए थे. इन चारों ने मिलकर पुणे के एक संस्थान में छात्रों को बुलाकर लीक प्रश्नपत्र के सवाल और सही जवाब उनकी नोटबुक में हाथ से नोट करवाए थे.