.
घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल से राहत पाने की केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना चास विद्युत प्रमंडल में रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। सोलर पैनल लगाने में शुरुआती खर्च और तकनीकी प्रक्रियाओं की जटिलता ने इस योजना की चमक फीकी कर दी है। स्थिति यह है कि करीब 1.90 लाख बिजली उपभोक्ताओं वाले चास प्रमंडल में अब तक महज 175 उपभोक्ताओं को ही योजना का लाभ मिला है। यानी कुल उपभोक्ताओं के एक प्रतिशत से भी कम घरों में सोलर पैनल लग पाए हैं।
बता दें कि योजना शुरू होने के शुरूआती दो वर्षों में करीब 350 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें लगभग 125 आवेदन विभिन्न त्रुटियों के कारण निरस्त हो गए। शेष आवेदनों में से अब तक 175 उपभोक्ता योजना का लाभ ले सके हैं, जबकि बाकी आवेदन पेंडिंग रखे गए हैं। आवेदन के बाद झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड से तकनीकी स्वीकृति, अधिकृत वेंडर चयन और नेट मीटर लगवाने में भी कई बार देरी होती है।
सीट या खपरैल के मकान वालों को लाभ मिलने में परेशानी
चास प्रमंडल के ग्रामीण और अर्धशहरी इलाकों में बड़ी संख्या में ऐसे घर हैं, जिनकी छत एस्बेस्टस या खपरैल की है। इन छतों पर सोलर पैनल लगाने में तकनीकी दिक्कतें आती हैं। इसके अलावा पीएम सूर्य घर योजना में सब्सिडी ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम पर मिलती है, जिसमें बैटरी की सुविधा नहीं होती। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर ऐसे सिस्टम से भी घर में बिजली नहीं मिलती। इसलिए नियमित बिजली कटौती वाले क्षेत्रों के उपभोक्ता इस व्यवस्था को उपयोगी नहीं मानते। नतीजतन, योजना का लाभ लेने के लिए लोगों को प्रेरित करना बिजली विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।
कागजी गलतियों से अटकी सब्सिडी
योजना के प्रति लोगों की रुचि कम होने की एक बड़ी वजह दस्तावेजों में गड़बड़ी भी है। कई आवेदनों में आधार कार्ड और बैंक खाते में दर्ज नाम अलग-अलग हैं। कहीं पते में अंतर है तो कहीं मोबाइल नंबर और बैंक खाता संख्या में त्रुटियां हैं। कुछ उपभोक्ताओं के पास जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं हैं। सब्सिडी मिलने में देरी या आवेदन निरस्त होने की आशंका से लोग आवेदन करने से बच रहे हैं। स्थानीय स्तर पर पंजीकृत और भरोसेमंद सोलर वेंडरों से पर्याप्त जानकारी नहीं मिलना भी परेशानी बढ़ा रहा है।
200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के कारण लोगों को नहीं दिख रही जरूरत
योजना की धीमी रफ्तार के पीछे सबसे बड़ा व्यावहारिक कारण राज्य सरकार की 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को माना जा रहा है। चास प्रमंडल के अधिकांश निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों की मासिक खपत 200 यूनिट के दायरे में रहती है। ऐसे उपभोक्ताओं का बिजली बिल पहले से ही शून्य या काफी कम है। वहीं, सब्सिडी पैनल लगाने और निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आती है। ऐसे में पहले बड़ी रकम खर्च भी लोगों को पीछे खींच रही है।