भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Parliament Monsoon Session LIVE: संसद का मानसून सत्र आज से, हंगामा होने...


होमताजा खबरदेश

संसद का मानसून सत्र आज से, स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से जताई ये उम्मीद

Last Updated:

Parliament Monsoon Session LIVE Updates: संसद के मानसून सत्र के दौरान राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक तथा आयकर (संशोधन) विधेयक समेत कई विधेयक पेश किए जाने हैं…और पढ़ें

संसद का मानसून सत्र आज से, स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से जताई ये उम्मीदZoom

संसद के मानसून सत्र में कई अहम बिलों पर चर्चा हो सकती है. (फाइल फोटो)

Parliament Monsoon Session LIVE Updates: संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है और सत्तापक्ष एवं विपक्ष की रणनीति को देखते हुए इसके हंगामेदार रहने के आसार हैं. सत्र की शुरुआत से एक दिन पहले रविवार को हुई सर्वदलीय बैठक और लोकसभा की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक में सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा को लेकर मतभेद सामने आए. विपक्षी दलों ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा ‘घोटाले’, नीट प्रश्नपत्र लीक, एथनॉल नीति, मणिपुर की स्थिति, किसानों और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली समेत कई विषयों पर चर्चा की मांग की, जबकि सरकार ने दोनों सदनों की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील की.

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मानसून सत्र के लिए आठ विधेयक सूचीबद्ध किए गए हैं और यदि कोई अतिरिक्त विधायी कामकाज होगा तो उसके बारे में कार्य मंत्रणा समिति में चर्चा की जाएगी और राजनीतिक दलों को सूचित किया जाएगा. रिजिजू ने राजनीतिक दलों से सरकार द्वारा लाए जाने वाले विधेयकों पर सार्थक चर्चा के साथ सहयोग करने की अपील की. सर्वदलीय बैठक की शुरुआत में तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) से जुड़े बगावत के मामलों को लेकर विपक्षी दलों ने कुछ देर के लिए बहिर्गमन किया. विपक्ष ने तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों के समूह को बैठक में आमंत्रित किए जाने पर आपत्ति जताई.

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि विपक्ष ने राम मंदिर ‘चंदा चोरी’, एथनॉल, छात्रों से जुड़े मुद्दों और मणिपुर की स्थिति पर चर्चा की मांग की है। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद धर्मेंद्र यादव ने प्रश्नपत्र लीक, निर्वाचन आयोग की कथित एकपक्षीय कार्यवाही और सरकारी सेवाओं में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग की कथित उपेक्षा का मुद्दा उठाया. द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सांसद तिरुची शिवा ने महिला आरक्षण और परिसीमन पर सरकार से स्पष्ट फार्मूला सामने रखने की मांग की.

सर्वदलीय बैठक के बाद रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में बीएसी की बैठक हुई. बिरला ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू और व्यवस्थित ढंग से चलाने में पूरा सहयोग देने की अपील की, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक और सार्थक चर्चा हो सके. उन्होंने रचनात्मक विचार-विमर्श, सार्थक भागीदारी और संसदीय परंपराओं के उच्चतम मानकों के पालन पर जोर दिया.

Parliament Monsoon Session LIVE Updates:

संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट: ओम बिरला ने सभी सांसदों से सदन की गरिमा बनाए रखने को कहा

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने’एक्स’ पर कहा, “आशा है कि सभी माननीय सदस्य संविधान की भावना, संसदीय परंपराओं एवं मर्यादाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक सहयोग की भावना से सदन की कार्यवाही में सहभागी बनेंगे. अधिकतम विधायी एवं अन्य संसदीय कार्यों का संपादन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. यही जनविश्वास को सुदृढ़ करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को और ऊंचा उठाने का सर्वोत्तम माध्यम है. आइए, हम सब मिलकर इस सत्र को सार्थक विमर्श, जनहितकारी निर्णयों और संसदीय गरिमा के अनुरूप संचालित करने का सामूहिक प्रयास करें.”

संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट: ‘संसद सभी सदस्यों का स्वागत करने के लिए तैयार है’

स्पीकर ओम बिरला ने मानसन सत्र शुरू होने से पहले कहा, “आज से 18वीं लोक सभा का आठवां सत्र- मानसून सत्र प्रारम्भ हो रहा है. देवराज इन्द्र के आशीर्वाद स्वरूप आज प्रातः दिल्ली में हुई वर्षा ने वातावरण को नव ऊर्जा और ताजगी से भर दिया है. इसी मंगलमय वातावरण में संसद राष्ट्र की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के रूप में सभी माननीय सदस्यों का स्वागत करने के लिए तत्पर है. लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर ‘संसद’ देश की जन-आकांक्षाओं, आशाओं और विश्वास की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है. प्रत्येक संसदीय सत्र जनप्रतिनिधियों के लिए इन आकांक्षाओं को सार्थक संवाद, विचार-विमर्श, प्रभावी विधायी कार्यवाही तथा रचनात्मक सहभागिता के माध्यम से जनहित एवं राष्ट्रहित में परिणत करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है.”



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top